सुभाषनगर थाना अंतर्गत बदायूं रोड पर वेडनसडे रात हुआ हादसा,

BAREILLY: सुभाषनगर थाना अंतर्गत बदायूं रोड पर पाइप लाइन ठीक करने के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर आईवीआरआई कर्मचारी की मौत हो गई। गड्ढे में गिरने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गड्ढा खुला छोड़ने के बावजूद कोई भी इंडीकेटर नहीं लगाया गया था। पुलिस ने रात में नगर निगम के जलकल विभाग के एई और पीडब्लयूडी के अधिकारियों को फोन पर भी सूचना दी। लेकिन कोई नहीं पहुंचा जिसके बाद पुलिस ने खुद जेसीबी मंगवाकर रात में गढ्डे को भरवा दिया। परिजनों ने नगर निगम को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

चौबारी जा रहा था युवक

35 वर्षीय शेर सिंह, कर्मपुरा ठकुरान भोजीपुरा में रहता था। उसके परिवार में पत्‍‌नी अनीता और 4 बच्चे हैं। वह आईवीआरआई में गार्डनर था। वेडनेसडे रात में वह ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से मौसेरे भाई सूरजपाल के घर चौबारी जा रहा था। जैसे ही वह बीडीए कालोनी करगैना के पास पहुंचा कि सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पास के हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन बाद में उसे दूसरे हॉस्पिटल में रेफर किया गया। थर्सडे सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई।

पाइप लाइन ठीक करने के लिए नगर निगम ने गड्ढा खोदा था। गड्ढे को भरा नहीं गया था। जिसकी वजह से कई बाइक सवार गिरे और एक की मौत हो गई। रात में गड्ढे को जेसीबी मंगाकर बंद करा दिया गया।

सतीश यादव, एसओ सुभाषनगर