बरेली (ब्यूरो)। करवा चौथ फस्र्ट नवंबर को है और इसकी खरीदारी से इन दिनों मार्केट में बहार छाई हुई है। दुकानों में सजी इस पर्व की आकर्षक पूजन सामग्री सुहागिनों को खूब भा भी रही है। पूजन सामग्री में सबसे अहम करवा होता है, इसलिए सुहागिनें में मार्केट में खूबसूरत और अच्छे करवा को खोज रही हैं। यूं तो इस पर्व पर मिट्टी के करवा को ही यूज करने का विधान है, पर अब सुहागिनें मैटल का करवा भी खरीद रही हैं। इसमें चांदी का करवा सबसे अधिक डिमांड में है। सुहागिनों का मानना है कि एक बार अपनी पंसद का करवा खरीद लें तो वह हर बार काम आ जाएगा।

करवा के रेट
1000- चांदी का छोटा करवा
2000-मीडियम करवा
15000-तक का करवा

पीतल का करवा
500- छोटा करवा
700- मीडियम करवा
1500 से 2000- बड़ा करवा

इनकी भी है डिमांड
20 से 40 - रुपए मिट्टी करवा
50 - रुपए की स्टील चलनी
80- रुपए की सजी हुई चलनी
50 - रुपए की स्टील थाली
90- रुपए की डेकोरेटेड थाली

पूजन सामग्री सेट करवा, थाली, चलनी
2000- रुपए मुरादाबादी पीतल का सेट
200 से 300 रुपए तक स्टील का सेट
नोट:दुकानदारों के अनुसार रेट

चांदी करवा सभी की पसंद
करवाचौथ को लेकर भी ट्रेंड बदल रहा है। अब इस पर्व के पारंपरिक तरीके पर मार्केटिंग और मॉडर्नाइजेशन हावी हो रही है। यही वजह है कि मार्केट में इस पर्व की पूजन सामग्री की जो बिक्री हो रही है, उसमें मॉडर्न चीजें ही ज्याद डिमांड में हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम ने जब आलमगिरी गंज में जाकर देखा तो यहां ज्वैलिरी शॉप्स पर सुहागिनें चांदी का करवा खरीदती हुई नजर आईं। व्यापारियों का कहना है कि कुछ सुहागिनों ने तो अपनी मन पसंद का चांदी का डिजाइनदार करवा बनाने का ऑर्डर दिया है।

चांदी की पूजा
करवाचौथ पर चांदी की पूजा का भी विधान है। इस पर्व पर पति भी पत्नी को चांदी की ज्वैलिरी गिफ्ट करते हैं। चांदी को शुद्धता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। चांदी को धन और मन से संबंधित माना जाता है। यह भी मान्यता है कि चांदी की पूजा से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और परेशानियां दूर रहती हैं।

अलग-अलग हैं रेट्स
इस साल सुहागिनें चांदी के करवा की अधिक डिमांड कर रही हैं। वह अपनी पसंद की डिजाइन के करवा खरीद रही हैं। हमारी दुकान पर हर साइज और अलग-अलग प्राइज के करवा उपलब्ध हैं। एक हजार से दो हजार तक के चांदी के करवा अधिक डिमांड में हैं।
संजीव अवतार अग्रवाल, सराफा कारोबारी

हमारे यहां सुहागिनें करवा, थाली और पूजन सामग्री खरीदने आ रही हैं। हमारे पास चांदी और सादा करवा भी उपलब्ध हैं। करवा थाली, चलनी आदि का सेट भी मिलता है। सुहागिनें इस सेट को भी खूब खरीद रही हैं।
रजत, कारोबारी

आज कल सुहागिनें डेकोरेटेड करवे और थाली, चलनी आदि अधिक खरीद रही हैं। मार्केट में इन दिनों करवाचौथ का उल्लास है। पूजन सामग्री की सेल अच्छी है।
पायल गुप्ता

करवाचौथ का व्रत बहुत ही पवित्र होता है। यह व्रत पति की दीर्घायू के लिए होता है। मैं इस पर्व की पूजन सामग्री को पहले ही खरीद लाई हूं। मार्केट में बहुत ही सुंदर करवा, थाली और चलनी मिल रहे हैं।
नीलम