बरेली (ब्यूरो)। शहर के जिन स्थानों पर कई वर्षों से कचरे के ढेर लगे हुए थे, वहां अब हरे-भरे पौधे लहलहाने लगे हैैं। जहां से कभी कचरे की दुर्गंध उठती थी, वहां से फूलें की मदमाती सुगंध फिजाओं में घुल कर वातावरण को आनंदमय बन रही है। नगर निगम द्वारा किए गए इस प्रयास से एक ओर जहां प्रदूषण दूर करने का काम किया गया, वहीं उन स्थानों का सौंदर्यीकरण भी किया गया है।

चलाया गया अभियान
दरअसल नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से सप्ताहभर नगर सुशोभन अभियान चलाया गया था। इसमें नगर आयुक्त द्वारा अभियान के अंतिम दिन पौधे रोपित कर लोगों को अवेयर भी किया गया था। निगम की ओर से शहर में 22 स्थानों पर इस तरह से कचरे के ढेर को हटाया गया है। इस अभियान के तहत कचरे वाले स्थानों को फूल व फलदार पौधे लगाकर वहां आकर्षक पेंटिंग की गई थी। इसके साथ ही डेकोरेशन में वेस्ट मैटेरियल को रीयूज भी किया जा रहा है। पांच से 12 दिसंबर तक चले इस अभियान के अंतिम दिन नगर आयुक्त ने स्थानीय लोगों संग फोटो भी कराई थी।

आती रहती थी दुर्गंध
निगम के इस प्रयास को स्थानीय लोग भी काफी सराह रहे हैैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां पर गंदगी के ढेर लगे हुए थे। रोजाना लोग यहां कचरा फेंकते थे। कई बार तो कचरे के ढेर में आग लगने के कारण आसपास के लोगों को सांस लेना भी दूभर हो जाता था। शहर के सौदागरान की मालियों वाली गली में भी लंबे समय से कचरे का ढेर लगा हुआ था। यहां से गुजरने वाले हमेशा बदबू से परेशान रहते थे। संकरी सडक़ होने के कारण यहां कचरा आधी सडक़ पर फैला रहता था। लेकिन, इतने वर्षों बाद निगम की इस पहल से स्थानीय लोगों को गंदगी व बदबू से निजात मिली है। अब यहां पर साफ-सफाई करने के बाद पौधे लगा दिए गए हैैं।

22 स्थानों से हटाई गंदगी
इसके साथ ही लोगों का कहना है कि अब वे लोगों को गंदगी फैलाने नहीं देंगे। कई स्थानों पर तो दस वर्ष से अधिक समय से कचरे के ढेर लगातार लगाए जा रहे थे, जिन्हें हटा दिया गया है। इसी प्रकार से रामपुर गार्डन स्थित कार बाजार के पीछे काफी समय से कचरे का ढेर लगा हुआ था। जिससे बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती थी। लेकिन, अब उस स्थान को साफ कर दिया गया है। इसी तरह से डेलापीर, बानखाना समेत 22 स्थानों पर इस तरह से गंदगी के दंश को हटाया गया है। साथ ही अधिकांश स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है। इस तरह के बदलाव का बरेलियंस स्वागत कर रहे हैैं।

डालोगे कचरा तो देना होगा जुर्माना
शहर को साफ रखने व सवच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निगम की ओर से 22 प्वाइंट्स से कचरे को पूरी तरह से हटाकर उनका सौंदर्यीकरण किया गया है। इसको साफ बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी की है। अगर इन प्वाइंट्स पर दोबारा कूड़ा फेंका जाता है तो ऐसा करने वाले पर दो हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
-राजेश कुमार यादव, जेडएसओ

नगर निगम की यह पहल काफी सराहनीय है। इससे शहर की छवि अच्छी बनती है, साथ ही गंदगी कम होने से बीमारियों के फैलने की आशंका भी कम हो जाती है।
-श्रवण

शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी नगर निगम के साथ ही सिटीजंस की भी है। निगम का बेहतर प्रयास है, इस तरह से काफी हद तक लोगों को राहत मिलेगी। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
-प्रियांशु