-प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की कोशिश का आरोप

BAREILLY: शाहजहांपुर के तिलहर में फ्राइडे रात साध्वी कोयल गिरी उर्फ सीमा वर्मा को जिंदा जला दिया गया। साध्वी को बरेली के प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। साध्वी ने 4 लोगों पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।

ट्रेन से उतारकर भी मारने की कोशिश

साध्वी को दो दिन पहले लखनऊ में एक क्षत्रिय सभा में सम्मानित किया गया था। उसके बाद वह फ्राइडे को लखनऊ से हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस से ट्रेन से वापस आ रही थीं। उन्हें आंझी शाहाबाद स्टेशन पर भी उतारकर जान से मारने की कोशिश की। जब वह तिलहर पहुंची तो घर के पास ही उन पर पंकज गुप्ता, अनुराग गुप्ता, अनिल गुप्ता और सुनील गुप्ता ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई। वह दौड़ते-दौड़ते घर के आंगन में गिर गई। उनकी मां ने कंबल डालकर अाग बुझायी।

विधायक का चुनाव लड़ चुकी हैं

परिजनों का कहना है कि साध्वी की मां रामलली के नाम पूर्व कमिश्नर स्व। रामेश्वर सहाय ने काफी साल पहले तीन बीघा जमीन की वसीयत कर दी थी। अब यह जमीन करोड़ों की हो गई है। इस जमीन की रजिस्ट्री उक्त तीनों आरोपितों ने अपने नाम करवा ली है। इसका लेकर कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। भांजे अमित ने बताया कि 2004 से साध्वी कोयल गिरी ने अन्न नहीं खाया। वह सफेद कपड़े पहनती थी। जनवरी 2018 में उन्होंने गेंरुआ वस्त्र धारण किए तथा जूना अखाड़े से जुड़ गई। साध्वी 2012 में पीस पार्टी से तिलहर में चुनाव भी लड़ी थी।

साध्वी को जली अवस्था में हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। जमीन विवाद में मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का आरोप है। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

डीके ठाकुर, आईजी रेंज