-रेलवे में अब अकेले सफर करने वाली महिलाओं की कुशलता जानेगी आरपीएफ

-ट्रेन में डेली सफर करने वाली महिलाओं के लिए आरपीएफ ने बनाया व्हाट्सएप ग्रुप

बरेली: ट्रेन में अकेले सफर करने वाली महिलाओं को अब डरने की जरूरत नहीं होगी। अब रेलवे बोर्ड ने ट्रेन में अकेले सफर करने वाली महिलाओं को सुरक्षा देने और उनका हाल जानने के लिए महिलाओं की सुरक्षा को 'मेरी सहेली' सहेली अभियान की शुरूआत की है। इस अभियान के तहत आरपीएफ की महिला कांस्टेबल सभी कोचेज में जाएंगी और अकेली सफर करने वाली महिलाओं से उनका नम्बर लेकर उन्हें हेल्प करने के लिए हर संभव भरोसा दिलाएंगी। इतना ही नहीं वह अपने गंतव्य पर सुरक्षित पहुंच गई है इसका भी हाल फोन पर जानेगी।

182 हेल्प लाइन नम्बर

रेल गाडियों में महिला यात्रियों की सुरक्षा पर रेलवे बोर्ड की तरफ से विशेष सतर्कता अभियान इज्जतनगर मंडल में भी 'मेरी सहेली' सुरक्षा बल द्वारा चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिला यात्रियों के बीच यात्रा के दौरान सुरक्षा की भावना उत्पन्न करना तथा महिला यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को प्रधानता दी गयी है। रेल सुरक्षा बल में तैनात महिला अधिकारी व महिला बल सदस्य महिला यात्रियों के यात्रा प्रारम्भ होने वाले स्टेशन से गंतव्य स्टेशन तक निगरानी कर सभी कोचों में जाकर हेल्प लाइन संख्या 182 के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि की संभावना होने पर सुरक्षा हेल्प लाइन संख्या 182 पर कॉल करें। आपको तत्काल रेल सुरक्षा बल द्वारा सहायता प्रदान की जायेगी। इस अभियान से जुड़ी टीम अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की पहचान कर उनका कोच व सीट संख्या नोट करेंगी तथा गंतव्य स्टेशन तक उनके संपर्क में रहेंगी और उनके गंतव्य स्टेशन पहुंचने पर महिला यात्रियों से प्रतिक्रिया एकत्रित कर फीडबैक मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को भेजेगी। महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दैनिक महिला यात्रियों को सम्मलित करते हुए एक व्हाटसएप ग्रुप भी बनाया गया है जिसकी एडमिन रेल सुरक्षा बल की महिला कर्मी है। डेली सफर करने वाली महिलाओं को अगर किसी तरह की कोई सुरक्षा को लेकर प्रॉब्लम है तो वह ग्रुप के माध्यम से हेल्प मांग सकती हैं।