बरेली (ब्यूरो)। दिल्ली रूट पर संचालित होने वाली पीलीभीत डिपो की बसों में यात्रियों से हो रही अतिरिक्त किराया वसूली पर जल्द ही रोक लग जाएगी। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में न्यूज पब्लिश होने के बाद पीलीभीत डिपो के एआरएम ने माना कि पीलीभीत डिपो की बसों में इस्तेमाल हो रही ईटीएम यानि इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन में गड़बड़ी के चलते यात्रियों से ज्यादा किराया लिया जा रहा है। इस संबंध में परिवहन मुख्यालय में शिकायत की गई है, जल्द ही मुख्यालय से ईटीएम को अपडेट किया जाएगा।


अभी भी कट रही यात्रियों की जेब
एक माह से दिल्ली रूट पर संचालित होने वाली पीलीभीत डिपो की बसों में यात्रियों से पांच रुपए अतिरिक्त किराया वसूलकर घोटाला किया जा रहा है। सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम ने 12 दिसंबर को पड़ताल की तो हकीकत सामने आई। 13 दिसंबर के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद पीलीभीत डिपो के एआरएम ने मामले का संज्ञान लिया, बताया कि ये मशीनों की गड़बड़ी है। किराया ऑनलाइन होने के चलते यहां से सही नहीं हो सकता है। इसकी शिकायत मुख्यालय में की गई है। फिलहाल परिवहन निगम की गलती का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। अभी भी पीलीभीत डिपो की बसों में सैटेलाइट से मिलक तक का पांच रुपए अतिरिक्त किराया वसूला जा रहा है।


मुख्यालय से होती हैं मशीनें अपडेट
बरेली डिपो के एआरएम संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद परिवहन निगम मुख्यालय को सूचित कर दिया जाता है। साथ ही कंपनी को भी इसकी सूचना दी जाती है। वहां पर कंपनी के सॉफ्टवेयर को अपडेट कर किराया सूची को दुरस्त करा दिया जाता है।

बराबर होना चाहिए किराया
रुहेलखंड डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि पीलीभीत डिपो की बसों में अधिक किराया वसूली का मामला उनके संज्ञान में है। समान दूरी का किराया सभी डिपो की बसों में समान होना चाहिए। पीलीभीत एआरएम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शिकायत मुख्यालय में की गई है। जल्द ही सही करा दिया जाएगा।

बोले अधिकारी
दिल्ली रूट पर जाने वाली बसों की मशीनों में गड़बड़ी के चलते पांच रुपए अतिरिक्त किराया यात्रियों से लेने का मामला संज्ञान में है। इसकी शिकायत मुख्यालय में की गई है। कंपनी का सॉफ्टवेयर अपडेट कराकर किराया सही करा दिया जाएगा।
वीके गंगवार, एआरएम पीलीभीत डिपो