-सुभाषनगर पुलिस ने चौपुला पुल और रेलवे कालोनी से किया गिरफ्तार

-पिछले चार दिनों में 14 अन्य जुआरियों को किया जा चुका है गिरफ्तार

BAREILLY: सुभाष नगर पुलिस जुआरियों को पकड़ने के लिए खुद जुआरी बन गई है। जुआ का खेल खेलकर पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन जुआरियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। वेडनसडे चौपुला पुल के नीचे और डबल स्टोरी रेलवे कालोनी से पुलिस ने 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 3100 रुपए, ताश के पत्ते मिले हैं। इससे पहले पुलिस तीन बार में 14 जुआरियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

कोई कुली तो कोई रिक्शा चालक

चौपुला पुल के नीचे और रेलवे लाइन के किनारे जगह-जगह जुआरी फड़ लगाकर बैठे रहते हैं। इनमें रिक्शा चालक, मजदूर, और कुली भी होते हैं। वेडनेसडे दोपहर बाद कुछ पुलिसकर्मी सादी वर्दी में पहुंचे और जुआरियों के फड़ में बैठ गए। पुलिसकर्मी ने बाजी लगाई और फिर मौके से 11 जुआरियों को पकड़ लिया गया। पुलिस गिरफ्त में आए जुआरियों की पहचान धनीराम, कालीचरण, राकेश, नन्हें, राजेंद्र, मदन कश्यप, नन्हेलाला, मनोज कनौजिया, अमित, सुभाष चौहान और रंजीत कुमार हैं। सभी सुभाषनगर के अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले हैं। जुआरियों के पास से 2200 रुपए बरामद हुए। वहीं शाम के वक्त पुलिस ने डबल स्टोरी रेलवे कालोनी से 4 जुआरियों को 900 रुपए के साथ गिरफ्तार किया। जुआरियों की पहचान शकील अहमद, विनोद कश्यप, रोहित कुमार, और वीरपाल के रूप में हुई है। ये सभी भी सुभाषनगर एरिया के रहने वाले हैं।

थाना एरिया में जगह-जगह जुआ के फड़ लग रहे थे। ये सभी दिन में जुआ खेलते और फिर रात में चोरी करते। अभियान के तहत 15 जुआरी पकड़े हैं। आगे भी अभियान जारी रहेगा।

सतीश यादव, एसओ सुभाषनगर