बरेली (ब्यूरो)। दो दिन पहले हुए मामूली विवाद में रिटायर्ड फौजी ने सर्राफ की दुकान पर काम करने वाले बुजुर्ग को गोली मार दी। पीठ और पैर में बुलेट के छर्रे लगने से वह घायल हो गए। पुलिस ने घायल हालत में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आरोपित को अरेस्ट कर उसके विरुद्ध एफआईआर पंजीकृत की गई है।

मंदिर जाते समय मारी गोली
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के डेलापीर रोड स्थित आकांक्षा एंकलेव कॉलोनी के रहने वाले अशोक अग्रवाल पुत्र जगदीश अग्रवाल आलमगिरी गंज में एक सर्राफा व्यापारी की दुकान पर काम करते हैं। वेडनसडे की सुबह साढ़े सात बजे वह मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। आरोप है कि इस दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले रिटायर्ड फौजी सुदीश शर्मा ने एक अस्पताल और स्वामी विवेकानंद आश्रम के बीच में उन्हें अपनी लाईसेंसी बंदूक से गोली मार दी थी। बुलेट के छर्रे उनकी पीठ और पैर में लगे, जिससे वह घायल हो गए। किसी तरह वह अपने घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा घायल को जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अशोक कुमार की तहरीर पर एफआईआर पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना
गोली मारने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सुबह 7:35 बजे अशोक अग्रवाल स्कूटी से जा रहे थे। इसी बीच आरोपित बंदूक लेकर अचानक उनके सामने आ गया, जिसे देख कर वह स्कूटी वापस मोड़ कर भागते है। इतने में आरोपित फायर कर फरार हो जाता है। घायल ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो पुलिस को सौंप दी है।

संडे को हुई थी कहासुनी
अशोक अग्रवाल ने बताया कि मंडे की आरोपित अपने घर की दीवार धोने के बहाने उनके घर में पानी फेंक रहा था। इसका विरोध करने पर वह गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया था। इसके बाद से ही वह रंजिश मानने लगा। आरोपित ने इसी को लेकर ट्यूजडे को भी गाली-गलौज कर मारपीट की थी। पीडि़त के अनुसार इस दौरान आरोपित ने लाईसेंसी बंदूक दिखा कर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

सीसीटीवी में दिखा तो हुई गिरफ्तारी
गोली मारने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घर पर दबिश भी दी थी, लेकिन वह नहीं मिला था। घटना को अंजाम देने के करीब दो घंटे बाद आरोपित अपने घर जा रहा था। इस दौरान वह अशोक के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। सूचना पर एसआई मुकेश चौहान ने आरोपित को उस के घर से अरेस्ट कर लिया।

सीज हुई बंदूक
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने बंदूक बरामद कर उसे सीज कर दिया है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर जयशंकर सिंह ने बताया कि बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। घायल ने आशंका जताई है कि आरोपित ने बंदूक से नहीं पौनिया से फायर किया था।