अपनी साली के साथ कर दिया उसका विवाह

भमोरा : दूल्हे का अंगूठा छोटा होने पर दुल्हन के परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया। इसके चलते बारात लौट गई लेकिन दूल्हे के दोस्त ने दोस्ती इज्जत को रखते हुए अपनी साली से उसकी शादी करवा दी। इस मामले के बाद जहां क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोई दुल्हन पक्ष को गलत ठहरा रहा तो कोई दूल्हे के दोस्त की तारीफ में कसीदे पढ़ रहा है।

कन्यादान के वक्त हंगामा

ग्राम सिरसा निवासी एक व्यक्ति ने बेटे का विवाह जनपद बदायूं के थाना बिनावर के गांव भितारा की युवती से तय किया। 11 जून को बारात पहुंची। बारातियों की अच्छी तरह से खातिदारी की गई। बारात चढ़ने के बाद मंडप की रस्म अदायगी की तैयारियां शुरू हो गई। फेरों से पहले कन्या दान की रस्म शुरू हुई। दूल्हे के बाएं हाथ का अंगूठा छोटा देख कन्या दान करने वाली महिलाओं दूल्हे को विकलांग होना बताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।

दोस्त ने रखी इज्जत

इससे दुल्हन भी सहम गई। वह भंवरों से उठ कर चली गई। बरातियों और घरातियों में घंटों इसको लेकर बात होती रही। जब कुछ तय नहीं हो पाया तो पंचायत हुई लेकिन पंचायत भी बेनतीजा रही। कन्या पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया। दूल्हे के कपड़े व जेवर लौटा दिए। वर पक्ष को भी दहेज लौटाना पड़ा। बरातियों में दूल्हे का दोस्त भी था। उसे यह बात नागवार गुजरी। वह दूल्हे को अपनी ससुराल गढ़ी दभियायी ले गया। जहां उसने अपनी साली से विवाह करा दिया।