-बरेली रेंज में 13 प्रेमी जोड़ों ने एक साथ दी जान

-डीआईजी ने तैयार कराया रिकॉर्ड, लगातार हो रहे सुसाइड

बरेली : कभी कोई प्रेमी सुसाइड कर रहा है तो कभी कोई प्रेमिका, तो कभी दोनों एक साथ अपनी जान दे रहे हैं। कई बार एक तरफा प्यार में तंग अकर भी लोग जान दे रहे हैं। डीआईजी ने रेंज के सभी जिलों से जब प्रेम प्रसंग में सुसाइड का रिकॉर्ड मंगवाया तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। रेंज में मार्च 2019 से 15 सितंबर 2020 तक 33 लोगों ने प्रेम प्रसंग में जान दी, जिसमें 10 मामले में बरेली जिले के हैं। इनमें भी रेंज में 13 मामले ऐसे हैं जिनमे प्रेमी और प्रेमिका दोनों ने एक साथ जान दी।

पढ़े लिखे और अनपढ़ दोनों

रेंज में जिन 13 प्रेमी जोड़ों ने एक साथ जान दी, उनमें अनपढ़ के अलावा पढ़े लिखे भी हैं। इनमें 4 ने तो ग्रेजुएशन की है। इसके अलावा 8 ने इंटर और अन्य ने 8वीं व 10वीं तक पढ़ाई की है। हालंकि इनमें 4 अशिक्षित भी हैं। सुसाइड करने वालों में सब अलग-अलग जाति व धर्म के हैं।

ज्यादातर युवा या नाबालिग

एक साथ सुसाइड करने वालों में ज्यादातर युवा या नाबालिग हैं। इनकी उम्र 15 साल से 25 साल के बीच है। यही नहीं एक मामला ऐसा भी है जिनसे 50 साल के प्रेमी जोड़े ने भी जान दी। यह मामला शाहजहांपुर जिले के खुटार थाना के नवदिया के जंगलों का है।

जिले में एक साथ सुसाइड के मामले

26 मई 2019 - देवरनिया के कथर्रा में 32 साल के नरपत सिंह और चक्र नकरुंडा निवासी गायत्री देवी ने एक साथ सुसाइड किया था। सुसाइड की वजह थी कि लड़की की शादी हो गई थी और इससे परेशान होकर दोनों ने जहर खाकर जान दे दी थी। दोनों की जाति एक ही थी।

26 जून 2019 - कैंट के पालपुर कमालपुर निवासी माधव और पूजा ने प्रेम प्रसंग के कारण घरेलू कलह से परेशान होकर जान दे दी थी। माधव की उम्र 18 साल और पूजा की उम्र 15 साल थी। दोनों अलग-अलग जाति के थे।

10 नवंबर 2019 - आंवला के बिहट निवासी 20 साल के उमेश यादव और शहाजबाद निवासी 16 साल की मुन्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन परिवार वाले उनके विरोध में थे, दोनों की जाति भी अलग थी।

24 दिसंबर 2019 - शाही के चतरा निवासी रामचंद्र और देवरिया के चुटिया निवासी पीछा ने एक साथ जहर खाकर जान दे दी थी। उनके मां-बाप ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और एक दूसरे के मिलने पर पाबंदी लगा दी थी। दोनों एक ही जाति के थे। लड़के की उम्र 21 और लड़की की 19 साल थी।

14 जून 2020 - बिशारतगंज के इस्माइलपुर में अमित और बेबी ने गोली मारकर जान दे दी थी। अमित की उम्र 23 साल और बेबी की उम्र 19 साल थी। अमित सिर्फ आठवीं पास था। दोनों अलग.अलग जाति के थे।

7 अगस्त 2020 - बिथरी चैनपुर के आरजी नगर में किशन कश्यप और राजकुमारी ने घर से भागकर उत्तराखंड में पानी में डूब कर जान दे दी थी। दोनों 12वीं पास और अलग-अलग जाति के थे। लड़के की उम्र 25 साल और लड़की की उम्र 21 साल थी। लड़की की शादी हो चुकी थी लेकिन वह लड़के से प्रेम करती थी और रक्षाबंधन पर अपने मायके से उसके साथ चली गई थी। हालांकि इस मामले में अभी भी परिजन अपने बेटे की हत्या का आरोप लगा रहे हैं।