Job के लिए किया था apply

सीमा (परिवर्तित नाम) प्रेमनगर में रहती हैं। उसके पति बिजनेसमैन हैं। सीमा ने पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। सीमा ने पार्ट टाइम जॉब करने के बारे में सोचा। इसके लिए उसने एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस में अप्लाई किया था। सीमा ने अपना सीवी कंपनी के सिविल लाइंस स्थित ऑफिस में भेजा था। करीब एक महीने पहले सीमा के मोबाइल पर जॉब के सिलसिले में रिजवान (परिवर्तित नाम) के व्यक्ति का फोन आया। रिजवान कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। बताया जा रहा है कि वह एक बड़े नेता का रिश्तेदार भी है।

नौकरी लगवाने का झांसा

सीमा के पति का आरोप है कि रिजवान ने पहले उनकी पत्नी से जॉब के नाम पर बात करनी शुरू कर दी। उसने सीमा को जॉब लगवाने का भरोसा देकर झांसे में लेना शुरू कर दिया। रिजवान के फोन कॉल की संख्या   बढ़ती ही चली गई और धीरे-धीरे उसने अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया। इन हरकतों से परेशान होकर सीमा ने पति से शिकायत कर दी। सीमा के पति ने रिजवान को ऐसा न करने की चेतावनी भी दी, लेकिन वह नहीं माना और पहले की तरह मैसेजेज करता रहा।

सीमा बनकर पकड़ा आरोपी

सीमा के पति ने रिजवान को रंगे हाथ पकडऩे के लिए सीमा बनकर उससे मैसेज के थ्रू बातें करना शुरू कर दिया। रिजवान ने पहले मिलने के लिए अपने ऑफिस के पास ही बुलाया लेकिन उन्होंने प्रॉब्लम बताकर मना कर दिया। ट्यूजडे को उन्होंने विशाल मेगामार्ट के पास मिलने का टाइम तय कर लिया। जैसे ही रिजवान उससे मिलने पहुंचा उन्होंने उसे पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। सीमा के पति का आरोप है कि रिजवान व उसके साथियों ने उसे कोतवाली में ही  जान से मारने की धमकी दी है। उनका कहना है कि इस घटना के बाद से सीमा काफी सहम गई है।

Manager का आरोपों से इंकार

वहीं इस मामले में रिजवान कोई स्पष्ट जबाव नहीं दे रहा है। वह कोतवाली के ब्रह्मपुरा मोहल्ले में रहता है। उसका आरोप है कि सीमा का घर उसके घर से कुछ दूरी पर ही है। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी है। इसलिए दोनों फोन पर आपस में बातचीत करते थे लेकिन उसके पति ने अश्लील एसएमएस भेजने का झूठा आरोप लगा दिया है।