पुलिस ने दोनों पक्ष को समझाकर मामला कराया शात

BAHERI: सावन के आखिरी सोमवार को तहसील क्षेत्र के गांव रजपुरा में हरिद्वार (नीलकंठ) से जल लेकर आये कावडि़यों का दूसरे पक्ष ने रास्ता रोका तो तनाव फैल गया। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाल लिया। कड़ी मशक्कत के बाद हालात सामान्य होने के बाद कांवडि़यों ने जलाभिषेक किया।

कांवडि़ए करने लगे नारेबाजी

बीते दिन गांव रजपुरा में गांव में बने शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने जा रहा हरिद्वार से जल लेकर लौटा 35 कांवडि़यों का जत्था दूसरे पक्ष की बस्ती से होकर निकल रहा था। तभी कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और उस रूट से जत्था न जाने के लिए मना करने लगे। कावंडि़यों के जत्था रोकने से नाराज लोग इकट्ठा होने लगे। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी इकट्ठा हो गए। वहीं कावंडि़यों के साथ गांव के शिव भक्त भी रास्ते में ही बैठकर प्रदर्शन कर नारेबाजी करने लगे।

हालत बिगड़ते-िबगड़ते बचे

इस पर दोनो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गये और टकराव की स्थिति बन गयी। पुलिस को किसी ने फोन पर मामले की सूचना दी तो अधिकारियों के होश उड़ गये। आनन-फानन में एसडीएम आरएन तिवारी सीओ प्रमोद यादव पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस प्रशासन ने शिव भक्तों को ही रास्ता बदलने को कहा पर इससे वे तैयार नहीं हुए। इसके बाद दोनों पक्षों से पुलिस ने बातचीत करने के बाद उसी रूट से कांवडि़यों को रवाना किया तो मामला शांत हुआ।

मामला रास्ते के विवाद को लेकर था जिसे आपसी बातचीत से सुलझा लिया गया है। कावंडि़यों ने जलाभिषेक कर दिया है अब गांव में शांति कायम है।

रामेश्वर नाथ तिवारी,एसडीएम बहेड़ी