बरेली (ब्यूरो)। बेग अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एडमिट महिला मरीज ने एक स्टॉफ मेंबर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो अस्पताल में हंगामा मच गया। हंगामा होता देख आरोपित मौके से फरार हो गया। हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने उसे नौकरी से निकाला तब जाकर परिजन शांत हुए। वहीं परिजनों की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित फरार हो गया है, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सात सितंबर को हुई थी एडमिट
महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी को पेट में इंफेक्शन हो गया था। इसके कारण सात सितंबर को बेग अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में एडमिट कराया था। देर रात करीब ढाई बजे उनकी पत्नी दवा खाकर आराम कर रही थी। इस दौरान रात्रि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी आमिर बार-बार उनकी पत्नी के पास आ रहा था। मौका देखते ही उसने छेड़छाड़ कर दी।

प्रेमनगर थाने में दी तहरीर
महिला के पति ने जानकारी देकर परिवार के अन्य लोगों को अस्पताल बुला लिया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। उन्होंने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। इस संबंध में अस्पताल के डॉक्टर अनीस बेग ने बताया कि आरोपी आमिर को नौकरी से निकाल दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं।

बार बार लगा रहा था चक्कर: तीमारदार
महिला तीमारदार ने बताया कि मैं रात को मां के साथ इमरजेंसी वार्ड में पेशेंट के पास बैठी थी। ड्रिप लगवाने के लिए कंपाउंडर को बुलाया तो वह आया और ड्रिप लगा दी। इसके बाद कंपाउंडर बोला कि हम तो नाइट को जागते हैं मजबूरी है। आप लोग पेशेंट को आराम करने दो। आप वार्ड के बाहर जाकर सो जाओ। आराम करो वर्ना बीमार हो जाओगे। इसके बाद मां के साथ हम लोग वार्ड के बाहर आकर लेट गए। रात करीब ढाई तीन बजे एडमिट मरीज ड्रिप के साथ घबराई हुई वार्ड के बाहर आई और बताया कि वार्ड में कंपाउंडर ने उससे छेड़छाड़ की है। हॉस्पिटल मैनेजर को आरोपित ने बताया कि वह तो देखने आया था। इस पर मैनेजर बोला कि ऐसी गलती हो गई मैडम एक बार माफ कर दो। दोबारा नहीं होगी ऐसी गलती।

पेशेंट ने बयां किया दर्द
रात को मैं वार्ड में दवा खाकर बेड पर लेटी थी, ड्रिप चल रही थी। मैं गहरी नींद में सो रही थी। तभी वार्ड में कंपाउंडर आया और गलत हरकत करने लगा। अचानक मेरी आंख खुल गई। मैं जागी तो डर और घबरा गई। किसी तरह हिम्मत कर चीख-पुकार करते हुए ड्रिप लेकर बाहर के लिए भागी। बाहर मौजूद परिवार वालों ने बचाया और हॉस्पिटल प्रबंधन से शिकायत की।

हॉस्पिटल प्रबंधन बयान
हॉस्पिटल में एडमिट महिला और उसके तीमारदारों ने कर्मचारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस मामले में प्रेमनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में सीसीटीवी चेक कराई जा रही है। कर्मचारी को निकाल दिया गया है। पुलिस जांच में सहयोग किया जा रहा है।
डॉ। अनीस बेग, डारयेक्टर, बेग हॉस्पिटल

जल्द अरेस्ट होगा आरोपित
बेग हॉस्पिटल में कर्मचारी ने पेशेंट से छेड़छाड़ मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपित फरार हो गया है, लेकिन जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार, एसएचओ प्रेमनगर