गोरखपुर (ब्यूरो).हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों में ज्यादातर मामले राजस्व विभाग की तरफ पेंडिंग पाए गए हैं। एसएसपी ने कहा कि इस संबंध में डीएम से बात करके मामलों का निस्तारण कराया जाएगा।

केस-1: प्रॉपर्टी डीलर के दबाव में पीडि़त परेशान

शाहपुर एरिया के पादरी बाजार निवासी इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार ने अपने परिचित से भूमि खरीदी थी। वह जब कब्जा करने गए तो खुद को डॉक्टर बताने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर ने काम रुकवा दिया। धर्मेंद्र का आरोप है कि कई बार प्रयास करने पर लेखपाल ने भूमि की पैमाइश की। इसके बदले में तेल-पानी का खर्च भी लिया, लेकिन बाद में प्रॉपर्टी डीलर के दबाव में लेखपाल ने गलत रिपोर्ट लगा दी, जिससे पुलिस मदद नहीं कर पा रही है।

केस-2: झांसा देकर बेच दी जलाशय की भूमि

बांसगांव एरिया के रहने वाले लोगों को रामगढ़ताल एरिया में ताल की भूमि दिखाकर जालसाजों ने एक करोड़ 80 लाख रुपए से अधिक रकम हड़प ली। मिट्टी भरवाने के नाम पर भी प्रॉपर्टी डीलर ने करीब आठ लाख रुपए ले लिए। भूमि खरीदने की कोशिश करने वालों ने जब पता किया तो मालूम हुआ कि वह जलाशय की भूमि है। प्रॉपर्टी डीलर रुपए लौटने के बजाय जानमाल की धमकी दे रहे हैं।

एक हफ्ते में सामने आए भूमि विवाद के 112 मामले

एसएसपी ने भूमि ओर राजस्व संबंधी विवादों का निस्तारण करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया था। इस नंबर पर एक हफ्ते के भीतर 112 शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें 82 राजस्व विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही की हैं।

ये हैं हेल्पलाइन नंबर

मोबाइल - 7839865841 और 7839865843

इन मामलों की शिकायत पर कार्रवाई

1. फर्जी प्लाटिंग- किसी संस्था या व्यक्ति द्वारा फर्जी कंपनी बनाकर प्लाटिंग करने की सूचना।

2. अवैध आवासीय प्लाटिंग - प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त में धोखाधड़ी करने के संबंध में सूचना।

3. भूमि संबंधी विवाद- पूर्व में अपनी संपत्ति पर कब्जा करके और बाद में अवैध फैलाव साबित करके अपना अधिकार प्राप्त करने के संबंध में सूचना।

4. फर्जी बैनामा- धोखाधड़ी और जालसाजी करके अवैध रूप से बैनामा करा लेने के संबंध में सूचना।

5. आदतन भूमि अपराध करने वाली गैंग।

इतने मामलों की हुई शिकायत

- हेल्पलाइन नंबर पर आई शिकायतें - 112

- फर्जी तरीके से प्लाटिंग करने की शिकायत - 01

- फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर रजिस्ट्री करने के मामले - 06

- अवैध कब्जा करने की शिकायतें - 18

- राजस्व संबंधित विवाद जो लंबित हैं - 82

जो मामले सामने आए हैं। उनमें मौके पर जांच करके रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए गए हैं। पैमाइश के लिए राजस्व विभाग से संपर्क किया जाएगा। कहां से कितने मामले सामने आए हैं। इनके लिए कौन ज्यादा जिम्मेदार है। उसकी लिस्ट तैयार करके डीएम को दी जाएगी।

डॉ। विपिन ताडा, एसएसपी गोरखपुर