गोरखपुर (ब्यूरो)। लोगों का कहना है कि बाइक सवार अज्ञात व्यक्तियों ने खैनी मांगी थी, जिसे देने से इंकार करने पर बदमाशों ने गोली दाग दी। उधर, सहजनवां में भाजपा नेता के बेटे ने अपने बेटे को गोली मार दी। घायल को परिजनों ने अस्पताल में एडमिट कराया है।

खेत में पहुंचकर बाइक सवारों ने पूछा रास्ता

गुरुवार रात बेलपार निवासी रामनगीना मौर्य (75) सड़क के किनारे स्थित अपने खेत में कंबाईन से कटी फसल की रखवाली कर रहे थे। तकरीबन नौ बजे दो बाइक सवार, गमछे से मुंह ढके हुए युवक पहुंचे। उन लोगों ने रामनगीना से रास्ता पूछा। फिर हाटा की तरफ चले गए। करीब आधे घंटे के बाद लौटकर आए तो रामनगीना के पेट में गोली दाग दी। हमले के बाद बदमाश भाग गए। पास में ही मौजूद टेंट का काम करने वाले लोग पहुंचे तो राम नगीना मौर्य घायल गिरे मिले। परिजनों को इसकी सूचना दी गई। आननफानन में रामनगीना को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

खैनी मांगी, जात पूछा, मार दी गोली

घायल रामनगीना मौर्य ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने पहले कई अलग अलग जगहों का रास्ता पूछा। फिर हाटा की ओर चले गए। आधे घंटे के बाद वह लौटे तो खैनी मांगने लगे। हमने बताया कि हम खैनी नहीं खाते हैं। इसके बाद पूछा कि तुम किस बिरादरी को हो। मौर्य बताने पर पीछे घूमने को कहा। हम नहीं घूमे तो गोली चलाकर बदमाश भाग गए।

बीजेपी नेता के बेटे ने अपने बेटे को मारी गोली

सहजनवां एरिया के सहवाजगंज निवासी वरिष्ठ बीजेपी नेता सत्यव्रत त्रिपाठी के बड़े बेटे धीरज त्रिपाठी ने अज्ञात कारणों से अपने छोटे बेटे को गोली मार दी। घटना के बाद पीडि़त को सहजनवां सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर बताकर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया। बताया जाता है कि शुक्रवार को सत्यव्रत त्रिपाठी के बड़े बेटे धीरज त्रिपाठी उर्फ बबलू त्रिपाठी किसी बात को लेकर अपने बेटे से नाराज थे। शुक्रवार सुबह सहबाजगंज ईंट भ_े के पास फोरलेन स्थित दुकान के पीछे उनका बेटा आदित्य त्रिपाठी (19) बैठा था। तभी वह पहुंचे। अचानक तमंचा निकालकर गोली चला दी जो पेट में दाईं तरफ धंस गई। परिजन उनको मेडिकल कॉलेज ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने किसी हॉयर सेंटर पर ले जाने की सलाह दी है।

तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

जगतराम कन्नौजिया, सीओ गोल