गोरखपुर (महेंद्र प्रताप सिंह).तारामंडल एरिया में दिनोंदिन भीड़ बढ़ती जा रही है। खासकर रामगढ़ताल झील देखने और बोटिंग करने के लिए दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे होते हैं। इनकी सुरक्षा की दृष्टि से जीडीए ने एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की कवायद शुरू की है।

रात में नहीं होगी कोई परेशानी

पैडलेगंज से लेकर नौका विहार तक रात में कई बार बिजली गुल होने पर अंधेरे में छा जाता है। जीडीए ने इससे निजात के लिए अब सोलर और हाईमास्ट लाइटें लगवाने का निर्णय किया है। इससे रात में लाइट गुल होने पर ये लाइटें जलती रहेंगी।

जीडीए बनवा रहा पुलिस चौकी

नौका विहार के पास जीडीए पुलिस चौकी का निर्माण करा रहा है। निर्माण के बाद इसे पुलिस डिपार्टमेंट को सौंप दिया जाएगा। यहां से आने जाने वालों पर पुलिस नजर रखेगी। साथ ही अराजक तत्वों पर कार्रवाई करेगी।

रोजाना सफाई के लिए जुटे सफाईकर्मी

जीडीए की ओर से 50 सफाई कर्मी रोजाना नौका विहार और आसपास सफाई के लिए जुटे हैं। यशवंत सिंह की निगरानी में टीमें रोजाना कार्य करती हैं। सुबह शाम दोनों समय सफाई का कार्य चलता है।

ठेले खोमचे वालों को किया जा रहा अवेयर

जीडीए की ओर से एरिया में लगने वाले ठेले खोमचे वालों को भी जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए जीडीए की ओर चार सदस्यीय टीम बनाई गई है। ये टीम रोजाना ठेले खोमचे को व्यवस्थित ढंग से खड़े करने और कूड़ा एक जगह एकत्र करने के लिए जागरूक कर रही है। साथ ही नियम अवहेलना करने पर कार्रवाई कर रही है।

पैडलेगंज से लेकर नया सवेरा तक का एरिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगा। इनसे अराजक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही रात में लाइट गुल होने पर एरिया में अंधेरा छाने पर सोलर लाइटों के लगाने पर विचार चल रहा है। जल्द ही योजना को मूर्त रूप दिया जाएगा।

- प्रेमरंजन सिंह, जीडीए वीसी