छोटू ने ली थी सुधीर की सुपारी

प्रॉपर्टी डीलर छोटू की 10 नवंबर की शाम गुलरिहा के शिवपुर सहबाजगंज मोहल्ले में ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में माफिया सुधीर सिंह सहित कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। सुधीर की तलाश में नाकाम पुलिस ने उसके खिलाफ पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया। बावजूद इसके पुलिस उसकी परछाई तक नहीं छू सकी। पुलिस सूत्रों की मानें तो छोटू ने सुधीर के एक दुश्मन से सुपारी ले ली थी। वह चंदन सिंह की मदद से सुधीर सिंह को सबक सिखाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसकी भनक सुधीर को लग गई। सुपारी की एवज में छोटू को अपनी जान गंवानी पड़ी।

गोरखपुर से लेकर मुंबई तक का सफर

छोटू की हत्या में फरार सुधीर सिंह सिटी में आराम से घूमता रहा। कुछ दिनों पहले वह अपने सहयोगियों के साथ सिटी में आया, लेकिन अब उसके मुंबई जाने की चर्चा हो रही है। बताया जाता है कि दो दिन पहले सुधीर सिंह मुंबई चला गया। पॉलीटिकल प्रेशर में पुलिस उसको अरेस्ट करने से कतराती रही। इसलिए वह आराम से टहलता रहा। कुछ दिनों पहले उसने जांच को देवरिया ट्रांसफर करा लिया है। शासन के निर्देश पर अब मामले की जांच देवरिया पुलिस करेगी।

मामले की जांच देवरिया पुलिस कर रही है। इस बारे में हम कुछ नहीं कर सकते हैं। कुछ दिनों पहले ही मामला क्राइम ब्रांच से देवरिया पुलिस को ट्रांसफर हो गया है।

सीपी शुक्ला, एसपी क्राइम