गोरखपुर (ब्यूरो) सीएम योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम में शामिल नए इलाकों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद त्वरित आर्थिक विकास योजना में सड़कों और नालियों को शामिल कर कार्य कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। वार्ड नंबर छह मिलेनियम सिटी में आसरा आवास तक जाने की राह अब आसान हो जाएगी। यहां दो करोड़ 12 लाख 44 हजार रुपये की लागत से छोटे पार्क से विष्णुपुरी कॉलोनी तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। भगत चौराहे से परंपरा लान तक सीसी सड़क और दोनों तरफ आरसीसी नाली को भी मंजूरी मिल गई है। यह सड़क काफी खराब है।

बढ़ाई जा सकती है इंजीनियरों की संख्या

ऐसा पहली बार है जब नगर निगम को इतने बड़े काम के लिए कार्यदायी संस्था बनाया गया है। इससे विभाग में भी उत्साह है। काम को देखते हुए इंजीनियरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार हो रहा है। इससे विकास तेजी से और गुणवत्तापूर्ण होगा।

तेजी से विकास की जगी उम्मीद

नगर निगम को विकास के लिए जो बजट बजट मिला है उससे वार्डों की सूरत पूरी तरह से बदल जाएगी। पार्षद बार-बार नगर निगम में काम कराने के लिए बजट की काम कर रहे थे। नगर आयुक्त बजट न होने का हवाला देकर उनको टालते थे। अब बजट मिलने से सभी को तेजी से विकास की उम्मीद जग गई है।

निगरानी के लिए वार्डों में बनेगी कमेटी

गुणवत्तापूर्ण काम के लिए नगर निगम वार्डों में निगरानी कमेटी बनाएगा। यह कमेटी होने वाले काम पर नजर रखेगी। अगर कहीं कोई दिक्कत होगी तो नगर आयुक्त को कॉल कर जानकारी देगी। निगम प्रशासन का कहना है कि अगर किसी अन्य को भी काम में गुणवत्ता न दिखाई तो वह जानकारी दे सकता है। कार्य के दौरान नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता भी चेक करेंगे।

यहां कराए जाएंगे विकास कार्य

गायघाट खुर्द, ग्राम सिक्टौर, जंगल सिकरी, ग्राम खोराबार में विभिन्न स्थानों पर, भगत चौराहा, रामपुर, वार्ड संख्या 65- महुई सुघरपुर में कई स्थानों पर, ग्राम कठउर, राप्तीनगर प्रथम फेज वार्ड नं। 10 राजेन्द्रनगर पश्चिमी में कई स्थानों पर, फातिमा बाईपास के पीछे, आदित्यपुरी, धर्मपुर, राप्तीनगर चतुर्थ चरण में कई स्थानों पर, गोरखपुर राप्ती विहार कालोनी, वार्ड सं। 37 शक्तिनगर में कई स्थानों पर, तारामंडल रोड, रामपुर कालोनी, स्पोट््र्स कालेज के पीछे, तिवारीपुर, वार्ड संख्या 63 मिर्जापुर, वार्ड संख्या छह चरगावां में करीमनगर, फलमंडी महेवा, खोराबार में विभिन्न स्थलों, विस्तार नगर, माधोपुर, सरस्वतीपुरम, बशारतपुर पश्चिमी, दरगहिया में कई स्थानों पर सड़क व नाली से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसी तरह रानीबाग, ग्राम पिपरा, कठउर में कई स्थानों पर, सेमरा देवी प्रसाद, झरवा, बडग़ो, सेंदुली बेंदुली में कई स्थानों पर, बुद्व विहार पार्ट सी, तकिया कवपदह, पादरीबाजार, चिलमापुर, लोहियानगर में कई स्थानों पर, महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक, कौशलपुरी कालोनी, मोती पोखरा, झरना टोला, गायत्रीनगर, महेवा, शाहपुर में, बनकटवा, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस नगर, सूरजकुण्ड धाम, नरङ्क्षसहपुर, दीवानबाजार, आर्यनगर, अलहदादपुर, गोपलापुर लाजपत नगर, बरगदवा, जंगल सिकरी आदि।

सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सड़क व नालियों का प्रस्ताव बनाया गया था। बजट को मंजूरी मिल गई है। काम तेजी से और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक वार्डों में एक टीम बनाई जाएगी जो काम की निगरानी करेगी। कोई दिक्कत होने पर तत्काल कॉल कर सूचना भी देगी।

- अविनाश सिंह, नगर आयुक्त

नगर आयुक्त ने पार्षदों-अफसरों के साथ की बैठक

त्वरित आर्थिक विकास योजनान्तर्गत बजट स्वीकृत होने के साथ नगर निगम को कार्यदायी संस्था नामित किए जाने पर नगर आयुक्त ने पाार्षदों-अफसरों के साथ बैठक की। इसमें नगर आयुक्त ने सीएम का आभार जताया। साथ अफसरों और इंजीनियरों को तेजी से विकास कराने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। कहा कि सीएम की जीरो टालरेंस की मंशा पर नगर निगम कार्य कर रहा है। उसी का परिणाम है कि नगर निगम को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि नए वार्डों में कार्यों का पब्लिक से भी ऑडिट कराया जाएगा। इसके साथ ही पार्षद आलोक सिंह विशेष की ओर से नगर आयुक्त को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। बैठक में उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, पार्षद पिंटू गौड़, राजेंद्र तिवारी, रमेश गुप्ता, अभिमन्यु मौर्या, जुबेर अहमद, प्रमिता ओझा, रिंकी देवी, संध्या गुप्ता, आरती सिंह, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र, कर्नल सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।