गोरखपुर (ब्यूरो)। अंडरग्राउंड केबल का फाल्ट खोजने में काफी दिक्कत हुई। करीब तीन घंटे बाद फाल्ट खोजा जा सका। इसके बाद फाल्ट ठीक करने का काम शुरू किया जा सका। देर शाम 7 बजे तक फाल्ट ठीक किया जा सका। इसी बीच सिविल लाइंस के पास एक केबल भी टूटकर नीचे गिर गया था। गनीमत रही कि कोई दुर्घटनाग्रस्त नहीं हुआ। वहीं पादरी बाजार बिजली घर से जुड़े इलाके में 11 केवी की लाइन का तार टूट गर गिर गया, जिसके चलते आधी रात 2 बजे से सप्लाई पूरी तरह से प्रभावित रही। सोमवार के 10 बजे सप्लाई बहाल कराई जा सकी।

आया अंडरग्राउंड फॉल्ट

सुबह लगभग 10 बजे अचानक विजय चौक, खोवा मंडी गली, गोलघर, धर्मशाला बाजार, काली मंदिर चौराहे के आस-पास बिजली सप्लाई बंद हो गई। एक घंटे बिजली गुल रहने के बाद व्यापारियों ने फोन कर बिजली कटौती की सूचना बिजली निगम के अभियंताओं को दी। फीडर से फाल्ट देखा गया तो समझ नहीं आया। दरअसल, यूनिवर्सिटी और बक्शीपुर बिजलीघर से हाइटेंशन तार जो विजय चौक के पास अंडरग्राउंड केबल में परिवर्तित हो गया है। इसी केबल में फाल्ट आने की सूचना मिली। एसडीओ गोलघर ऐश्वर्य सिंह ने मेगर मशीन (उपकरण मापक) से अंडरग्राउंड फाल्ट को ढूंढने का प्रयास शुरू करवाया। दोपहर तीन बजे करीब फाल्ट ढूंढा जा सका। इसी बीच दोपहर में अचानक सिविल लाइंस इलाके में एसएसपी ऑफिस के सामने सड़क पर केबल टूटकर नीचे गिर गया। गनीनत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इससे सिविल लाइंस के आस-पास की बिजली सप्लाई भी ठप हो गई। लाइनमैन की दूसरी टीम सिविल लाइंस में केबल बदलने का काम करती रही। लगभग डेढ़ घंटे बाद साढ़े चार बजे करीब केबल जोड़कर सप्लाई शुरू कर दी गई। जबकि, शाम सात बजे फाल्ट सही कर आपूर्ति शुरू कर दी गई। इसके बाद सप्लाई शुरू हो सकी।

पादरी बाजार मेें सप्लाई ठप

रविवार की रात तेज हवा के साथ बारिश से पादरी बाजार बिजली घर से जुड़े इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई। रात के 2 बजे सप्लाई प्रभावित होने के बाद कंज्यूमर्स ने बिजली निगम के जेई और कर्मचारियों के मोबाइल पर कॉल किया। रात होने की वजह से मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका। सोमवार की सुबह कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग की। इस दौरान पता चला कि वात्सल्य स्कूल के पास 11 केवी लाइन का तार टूट कर नीचे गिरा हुआ है। कर्मचारियों ने लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। उधर उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं इनवर्टर भी काम करना बंद कर दिया। पानी का संकट खड़ा हो गया। करीब 10 बजे बिजली सप्लाई बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जेई विजय सिंह ने बताया कि 11 केवी की लाइन का तार टूट कर नीचे गिर गया था। जिसकी वजह से सप्लाई प्रभावित हुई। लाइन का मरम्मत कार्य करने के बाद सप्लाई बहाल कर दी गई है।

अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट होने के दौरान ही सिविल लाइंस इलाके में केबल टूट गया था। शाम तक सप्लाई सामान्य कर शुरू करवा दी गई।

ऐश्वर्य सिंह, एसडीओ गोलघर