दूसरे दिन नहीं हो सकी पहचान, हाथ पर बना गुलाब का फूल

शनिवार दोपहर प्रीत विहार कॉलोनी में मिली न्यूड डेड बॉडी

शाहपुर एरिया के प्रीत विहार कॉलोनी में शनिवार को जिस महिला की न्यूड डेड बॉडी मिली थी। उसकी पहचान 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी। महिला के साथ किसी तरह की अनहोनी, मर्डर की आशंका में पुलिस छानबीन कर रही है। रविवार को खाली प्लाट से महिला के कपड़े बरामद हुए। महिला के हाथ पर गुलाब का फूल बना हुआ है। चेहरा खराब होने से महिला की पहचान नहीं हो पा रही है।

खाली प्लाट में मिली थी न्यूड डेड बॉडी

शनिवार को फातिमा बाइपास पर प्रीत विहार कॉलोनी में अरविंद गुप्ता के मकान के पास से बदबू आने पर लोगों को जानकारी हुई। खाली पड़े प्लाट में झाडि़यों के बीच एक महिला की न्यूड डेड बॉडी पड़ी थी। जमीन पर बिछे चदर पर महिला को लिटाया गया था। करीब 30 साल उम्र की महिला की डेड बॉडी 10 दिन से पुरानी लग रही थी। चेहरा सहित बदन का अधिकांश हिस्सा खराब हो चुका था। उसका चेहरा भी काफी नष्ट हो चुका था।

डेड बॉडी से दूर, दूसरे प्लाट में मिले कपड़े

डेड बॉडी की स्थिति देखकर लोगों ने रेप के बाद मर्डर की आशंका जताई। रविवार को पुलिस छानबीन के लिए खाली प्लाट में पहुंचीं। इस दौरान कृष्णानंद के प्लाट के भीतर पीला ब्लाउज मिला। वहीं से थोड़ी दूरी पर धनंजय सिंह के खाली प्लाट में एक हरी छींटदार साड़ी भी बरामद हुई। साड़ी के पल्लू में सुर्ती बंधी हुई थी। पुलिस मान रही है कि वह कपड़े महिला के हैं। यदि वह कपड़े महिला के हैं तो बदन से निकलकर इतने दूर कैसे पहुंचे। इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

वर्जन

अज्ञात महिला की डेड बॉडी है। इसलिए 72 घंटे के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है। महिला की पहचान कराने की कोशिश में पुलिस लगी है।

सुधीर सिंह, इंस्पेक्टर शाहपुर