गोरखपुर (ब्यूरो).सावन मास के पहले दिन गोरखनाथ मंदिर, मुक्तेश्वर नाथ, महादेव झारखंडी, गोरखनाथ मानसरोवर, बसियाडीह शिव मंदिर पर भक्तों की संख्या अधिक रही। यहां ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। हाथों में बेलपत्र, दूध, मिष्ठान और फल से सजी पूजा की थाली लिए भक्त कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इंतजार खत्म होने पर भक्तों ने भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। मंदिरों को फूल मालाओं से सजाया गया था। भगवान शिव के दर्शन करने वालों में बच्चे, बूढ़े नौजवान सभी शामिल रहे। युवतियों और महिलाओं में भगवान भोले की पूजा का उत्साह देखते ही बन रहा था।
श्रवण उत्सव की शुरुआत
सूर्यकुंड धाम विकास समिति की ओर से सूर्यकुंड धाम पर गुरुवार को 30 दिवसीय 'श्रवण उत्सवÓ की शुरुआत हुई। इस अवसर पर धाम के प्राचीन शिव मंदिर में रुद्राभिषेक व शिव महाआरती हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। हर तरफ ओम नम: शिवाय और हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान सूर्यकुंड धाम शिवमय हो गया। सायं आयोजित शिव महात्म्य कथा और भजनों पर श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूमने लगे। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संयोजक संतोष मणि त्रिपाठी ने किया। संचालन राष्ट्रीय पर्यावरण सेना के मंडल अध्यक्ष मदन राजभर एवं आभार ज्ञापन पर्यावरण मित्र मिशन की अर्चना शर्मा ने किया। इस अवसर पर सपना, नीतू श्रीवास्तव, सरस्वती त्रिपाठी, कनक लता मिश्रा, रामचंद्र दास, प्रखर मिश्रा, संजीव श्रीवास्तव, किरण कुशवाहा, पूजा गौड आदि मौजूद रहे।