GORAKHPUR: बांसगांव थाना एरिया के देवघाट गांव में 25 वर्षीय विवाहिता पुर्णिमा का फंदे से लटकता शव मिला। घटना के समय वह घर में अकेली थी और हाई स्कूल, इंटर में पढ़ने वाले दोनों देवर बाहर गए थे। ससुर मुराली बैंक के काम से निकले थे और सास निर्मला भी मौजूद नहीं थी। बाद में घर पर आने पर उन्हें इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर सूचना के बाद आई विवाहिता की मां ने साजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सास, ससुर और दोनों देवर को हिरासत में ले लिया है।

ससुराल वालों ने दी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार अनूप शर्मा से पूर्णिमा की शादी 30 नवंबर 2019 को हुई थी। पति अनूप शर्मा बैंगलुरू में रहकर काम करते हैं। घर पर दो देवर, सास, ससुर के साथ पूर्णिमा रहती थी। बुधवार को उसका शव घर में मिला। फंदे से लटकर खुदकुशी किए जाने की सूचना पुलिस ससुराल वालों ने दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। ससुराल वालों ने खुदकुशी किए जाने की बात बताई तो मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। हरनही चौकी इंचार्ज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिन पर आरोप लगाया गया है उनसे भी पूछताछ की जा रही है।