-धनउगाही के बाद भी माल पकड़ने का अरोप लगा रहे थे व्यापारी

-अधिकारियों और कर्मचारियों ने घेरा तो भागे, एक पकड़ाया

GORAKHPUR: सेल टैक्स ऑफिस बुधवार को अखाड़े में तब्दील हो गया। कुछ व्यापारियों और अधिकारियों में माल पकड़ने को लेकर जमकर मारपीट हुई। व्यापारियों का आरोप था कि हर महीने पैसे लेने के बावजूद अधिकारियों ने उनका माल पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आते ही उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। खबर फैलते ही अधिकारी और कर्मचारी एकत्र हो गए। कर्मचारियों ने जमकर लात घूंसे चलाए। खुद को घिरता देख व्यापारी भागने लगे। अफरा-तफरी के बीच एक व्यापारी की पैंट तक फट गई। इस दौरान उनमें से एक व्यक्ति को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरे दिन विभाग का कार्य प्रभावित रहा।

दोस्तों संग पहुंचा व्यापारी

बलदेव प्लाजा स्थित साक्षी कम्यूनिकेशन प्रॉपराइटर संजय जायसवाल बुधवार को कुछ दोस्तों के साथ सेल टैक्स ऑफिस पहुंचे। पहुंचते ही उन्होंने विभाग के अधिकारी मृत्युंजय सिंह, भरत भूषण और अशोक त्रिपाठी पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। उनका कहना था कि वे लोग उनसे और उनके व्यापारी दोस्तों से हर महीने करीब 80 हजार रुपए लेते हैं। इसके बाद भी उन्होंने उनका माल पकड़कर कार्रवाई की है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि व्यापारियों ने बातचीत करते-करते अचानक अधिकारियों से मारपीट शुरू कर दी।

मंत्री का बेटा भी शामिल

सेल टैक्स अधिकारियों का कहना है कि व्यापारी के साथ आए लोगों में प्रदेश के एक कद्दावर मंत्री का बेटा भी था। सेल टैक्स विभाग की ओर से दी गई तहरीर में उसका भी नाम दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस सेल टैक्स अधिकारियों पर उसका नाम हटाने का दबाव डाल रही है। इसे लेकर कर्मचारियों में काफी रोष है।

आठ-दस की संख्या में आकर कुछ लोगों ने सेल टैक्स की मोबाइल टीम के अधिकारियों को बुरी तरह पीटा। कर्मचारियों के एकत्र होने पर वे लोग भाग गए। उसमें से एक व्यक्ति पकड़ में आ गया। जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। उसके बताए पांच लोगों के खिलाफ तहरीर भी दी गई है। अभी तक एफआईआर की कॉपी नहीं मिली है।

अमित कुमार पाठक, सेल टैक्स अधिकारी