- नाली के विवाद में हुई फायरिंग

- शाहपुर एरिया के बिछिया की घटना

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के जंगल तुलसीराम बिछिया में नाली बनाने के विवाद में मनबढ़ों ने मिट्टी सप्लायर पर गोली दाग दी। मंगलवार की सुबह फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई। परिजनों ने मिट्टी सप्लायर, प्रॉपर्टी डीलर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर बताकर डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू लखनऊ ले जाने की सलाह दी।

नाली को लेकर हुआ विवाद

तुलसीराम बिछिया, गायत्री नगर मोहल्ले में श्याम बिहारी भट्ट का मकान है। उनके मकान के पास ही नाली का निर्माण चल रहा है। नगर निगम के ठेकेदार अजीत राय मंगलवार की सुबह काम कराने पहुंचे। श्याम बिहारी के घर के पास उनकी भूमि पर नाली खोदने को लेकर कुछ विवाद हो गया। हाथापाई होने पर किसी ने ठेकेदार ने किसी का सिर फोड़ दिया। बवाल बढ़ने पर किसी ने बंदूक से गोली दाग दी। गोली चलने से भगदड़ मच गई। हमले में श्याम बिहारी का परिचित, आजाद नगर निवासी जमील अली उर्फ अतुल घायल हो गया।

दोस्त के साथ पहुंचा अतुल

गोली चलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। लोगों ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि जामिन उर्फ अतुल सुबह नौ बजे घर से निकला था। वह अपने परिचित संजय को पांच हजार रुपए देने गया था। बिछिया के पास उसकी वीर प्रकाश उर्फ डब्लू मिश्रा से मुलाकात हुई। दोनों अचानक ही श्याम बिहारी के घर पहुंच गए। फायरिंग में अतुल घायल हो गया। मोहल्ले में भगदड़ मच गई। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

वर्जन

घायल ने बताया कि है कि ठेकेदार ने गोली चलाई। रॉड से सिर फटने पर उसके पक्ष के लोगों ने बंदूक से गोली दाग दी। जिसमें वह घायल हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- अभय कुमार मिश्र, सीओ कैंट