- ग्राम पंचायत अधिकारी मर्डर कांड में 21 पर हुई है एफआईआर

- शनिवार को हुई वारदात से पूरे एरिया में फैल गई थी सनसनी

GORAKHPUR: गोला एरिया के गोपालपुर में ग्राम पंचायत अधिकारी अनीस कुमार मर्डर कांड में पुलिस ने चार नामजद आरोपितों को अरेस्ट किया है। अन्य की तलाश में पुलिस टीम लगी है। एसएसपी ने बताया कि मुख्य हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको भी पकड़ लिया जाएगा। अनीस मर्डर कांड में 17 नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। अनीस के बड़े भाई अनिल ने गैर बिरादरी शादी करने पर नाराज होकर भाई की हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से अनीस के परिवार की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

भागने की कोशिश में पुलिस ने पकड़ा

मंगलवार को गोला पुलिस पेट्रोलिंग पर निकली थी। तभी सूचना मिली कि घटना से संबंधित लोग कहीं भागने की कोशिश में है। पुलिस ने घेराबंदी करके चार लोगों को पकड़ लिया। उनकी पहचान मणिकांत मिश्रा, विवेक तिवारी, अभिषेक तिवारी, और सन्नी सिंह के रूप में हुई। मणिकांत मिश्रा युवती के बड़े पिता हैं। जबकि अन्य तीनों अनीश के मोहल्ले के रहने वाले हैं। चारों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मुख्य हमलावरों की तलाश में जुटी है।

यह हुई थी घटना

शनिवार को अनीस अपने चाचा देवी दयाल के साथ गोपालपुर में हार्डवेयर की शॉप पर गए थे। तभी बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने हमला करके अनीस की हत्या कर दी। शनिवार की रात तहरीर मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज किया। अनीस ने दीप्ती मिश्रा संग प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि तभी से उनके ससुराल वाले मर्डर की साजिश रच रहे थे। इस मामले में साजिश रचने और अनीस की लोकेशन देने के आरोप उनौला निवासी अभिषेक तिवारी, विवेक तिवारी और शनि सिंह के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। अनीस की शादी से नाराज होकर बार-बार जानमाल की धमकी देने और मर्डर, अनीस के चाचा पर जानलेवा हमले के आरोप में दिप्ती के पिता गगहा के देवकली निवासी नलीन मिश्रा, बड़े पिता मणिकांत, चाचा विनय मिश्रा, उपेंद्र, अजय मिश्रा, चचेरे भाई अनुपम, प्रियांकर, अतुल्य, प्रियांसु, और दिप्ती के सगे भाई अभिनव मिश्रा, उसके जीजा राजेश और राकेश, दिप्ती के फूफा त्रियोगी नारायण, संजीव और दो बाइक सवार चार अन्य अज्ञात के खिलाफ मर्डर, मर्डर की साजिश रचने का मुकदमा अनीस के बड़े भाई ने दर्ज कराया था।

घटना में नामजद चार आरोपित पकड़ लिए गए हैं। अन्य की तलाश पुलिस की टीम लगी हुई है। जल्द ही सभी को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

दिनेश कुमार पी, एसएसपी