गोरखपुर (ब्यूरो).बीते 21 जुलाई को झंगहा थाना क्षेत्र के विशुनपुर मटियरा गांव निवासी राजकिशोर भुज की पत्नी माया देवी गांव स्थित अपने नये मकान पर गई थीं। वह शाम तक नहीं लौंटी तो स्वजन उन्हें ढूंढते हुए वहां पहुंच गए। वह वहां अचेतावस्था में पड़ी थीं। उनके सिर पर गंभीर चोटें थीं। स्वजन उनका इलाज करवा रहे थे। सोमवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस पति राजकिशोर की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि विवेचना के दौरान पता चला आरोपित माया देवी से शराब पीने के लिए रुपयों की मांग कर रहे थे। उन्होंने मना किया तो आरोपितों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की और फरार हो गए। आरोपितों को बुधवार को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया।