-44 बिंदुओं पर शहर की सफाई व्यवस्था का आकलन

-तीन दिन तक चला डाक्यूमेंटेशन का कार्य

GORAKHPUR:

शहरी विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वे के लिए दो सदस्यीय टीम ने शनिवार को डॉक्यूमेंटेशन की पड़ताल का काम पूरा कर लिया। सर्वे के छह मापदंडों के 44 मुख्य बिंदुओं पर शहर की सफाई व्यवस्था का आकलन किया गया। टीम ने महानगर में सफाई व्यवस्था को लेकर सर्वे के विभिन्न बिंदुओं पर नगर निगम के कागजातों की पड़ताल तीन दिन तक की। अब टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय टीम को भेजेगी। इसके बाद टीम महानगर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम के दावों को मौके पर परखेगी और पब्लिक से फीडबैक भी लेगी।

नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था के आकलन के लिए शहरी विकास मंत्रालय की ओर से गत चार जनवरी से पूरे देश में स्वच्छ सर्वे 2018 की शुरूआत की है। इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण देश के 4041 शहरों में हो रहा है। मंत्रालय ने अबकी स्वच्छ सर्वे का दायरा बढ़ाया है। इसके लिए चार हजार अंक निर्धारित किए गए हैं। नगर निगम में सेवा स्तर पर प्रगति, नागरिक प्रतिक्रिया, स्वच्छता एप डाउनलोड आदि पर रैंकिंग की जानी है। साथ ही मौके पर सर्वे कर टीम इस अंक को प्रदान करेगी। इस बार सर्वे में माइनस मार्किंग का प्रावधान है।

महानगर में स्वच्छ सर्वे के लिए गुरुवार को मंत्रालय की ओर से नामित कार्वी की दो सदस्यीय टीम यहां पहुंची। शनिवार तक अपनी जांच को पूरा किया। स्वच्छ सर्वे के नोडल अधिकारी व अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से स्वच्छ सर्वे के तहत विभिन्न बिंदुओं पर दस्तावेजों को तैयार कराया गया है। टीम की ओर से अक्टूबर से दिसंबर तक की अवधि को प्रदर्शन का आधार बनाकर कागजों को देखा गया।