गोरखपुर (ब्यूरो)।कोरोना काल हो या फिर शहर को सुरक्षित करने की मुहिम हो हर चीज में गोरखपुराइट्स आगे रहते हैं। हम गोरखपुराइट्स रोजाना जरूरतमंदों को खाना तक खिला रहे हैं। हर आपदा में गोरखपुराइट्स एक ओर नेकी का काम कर रहे हैं।

ठंड से नहीं कांपेगा कोई

गोरखपुर में इस समय भीषण ठंड पड़ रही है। इसको देखते हुए गोरखपुर में कई संस्थाओं द्वारा गरीबों में कंबल वितरण कराया जा रहा है। यही नहीं समाज सेवा में गोरखपुर पुलिस भी बढ़-चढ़ कर अपनी भागीदारी निभा रही है। एक तरफ सड़क पर सोने वाले लोगों को रात में प्रशासन अपनी गाड़ी से रैन बसेरों में पहुंचा रहा है। वहीं गोरखपुर के कई संस्थाओं द्वारा ठंड से निपटने के लिए उन्हें वुलेन कपड़े और कंबल अवेलबल कराए जा रहे हैं। अभी गीता वस्त्रालय द्वारा गोरखपुर के 28 थानों को 120-120 कंबल अवेलेबल कराए गए हैं। ये कंबल थाने की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में गरीब असहाय और सड़क पर सोने वाले लोगों को वितरित कर रही है।

शहर को सुरक्षित करने के लिए लगाए कैमरे

एडीजी द्वारा गोरखपुर को सुरक्षित बनाने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान चलाया गया। जब शहर की सुरक्षा की बात आई तो सबसे पहले यहां के व्यापारियों ने शहर चौराहे और गलियां गोद लेकर सीसीटीवी कैमरे लगवाए। वहीं कालोनियों और मोहल्लों में भी घर-घर कैमरे लगने लगे। इस अभियान से जुड़कर अब तक 6690 घरों में कैमरे लगाए जा चुके हैं।

लावारिस लाशों का करते हैं अंतिम संस्कार

अंजुमन इस्लामिया खूनीपुर की संस्था पुलिस को मिली लावारिस मुस्लिमों की लाशों का सहारा बनती है। यह संस्था पोस्टमार्टम के बाद मिली लावारिस लाशों को कफन ओढ़ाने से लगाए दफनाने की जिम्मेदारी लेती है। इसके लिए ये संस्था किसी से कोई मदद नहीं लेती है। साल 1916 से ये संस्था काम कर रही है। साथ ही अब तक 56 से अधिक लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार कर चुकी है।

नि:शुल्क भोजन देकर भर रहे पेट

गोरखपुर में भूखे लोगों को गैलेंट समूह द्वारा नि:शुल्क भोजन कराया जा रहा है। गैलेंट समूह की दो वैन शहर में घूम-घूम कर और जिला अस्पताल के सामने मरीजों के परिजनों को नि:शुल्क भोजन अवेलबल कराती है। अभी हाल ही में सीएम योगी आदित्यनाथ ने गैलेंट समूह के नि:शुल्क भोजन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया था।

रात में जब सभी लोग घरों में कैद हो जाते हैं। तब शहरवासियों की सुरक्षा में पुलिस के जवान सड़कों पर घूमते हैं। रात में उन्हें सड़कों पर गरीब असहाय दिखते हैं। इसलिए हर थाने को कंबल अवेलबल कराया गया है, ताकि पुलिस की मदद से असहाय परेशान लोग तक कंबल पहुंच सकें।

शंभू शाह, गीता वस्त्र विभाग

गोरखपुराइट्स हर आपदा में आगे आते हैं। चाहे शहर को सुरक्षित करने की बात हो या फिर आपदा की हर जगह गोरखपुराइट्स अपनी भागीदारी निभाते हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान में शहरवासियों का अच्छा सपोर्ट मिल रहा है।

अखिल कुमार, एडीजी जोन