- लॉकडाउन की सख्ती, भारी पड़ी मनमानी

- चालान काटकर जुर्माना भी वसूल रही पुलिस

GORAKHPUR: लॉकडाउन के बीच सरकारी ऑफिसेज के खुलने का फायदा उठाकर घूमने निकले लोग गोले में फंस गए। मंगलवार को पुलिस की सख्ती नजर आई। बेवजह घर से निकले लोगों को चौराहों पर पुलिस ने दबोच लिया। इस दौरान पड़ोस के जिलों से दवा लेने गोरखपुर आए लोगों को लौटना पड़ा। चौराहों पर बने चेकपोस्ट-बैरियर पर मौजूद पुलिस टीम ने हर किसी की जांच की। गाडि़यों पर लगे फर्जी पास भी फाड़े गए। इस दौरान पुलिस ने चालान काटकर जुर्माना भी वसूल किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोग मनमानी करते हुए बेवजह घरों से निकल जा रहे हैं। ऐसे में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए थोड़ी सख्ती करनी पड़ रही है।

10 मिनट तक गोले में बैठाकर लौटाया

शहर में सरकारी दफ्तर खुलने से लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। इसका फायदा उठाते हुए तमाम लोग बेवजह घूमने निकल जा रहे हैं। ऑफिस जाने का झांसा देकर लोग चौराहों पर पुलिस से बचकर निकल जा रहे फिर मोहल्ले में पहुंच कह रहे हैं कि देखो पूरा शहर घूमकर आ गया। इस वजह से सड़कों पर भीड़ हो जा रही है। जबकि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का उल्लंघन हो रहा। सोमवार को दफ्तर खुलने की वजह से भीड़ अधिक हो गई थी। इसको देखते हुए मंगलवार को पुलिस अलर्ट मोड में रही। बेवजह घूमते मिले लोगों को पुलिस ने गोले में बैठा दिया। 10-10 मिनट तक गोले में बैठने के बाद सभी को वापस कर दिया गया।

बाहर से आने वालों को हुई प्रॉब्लम

लॉकडाउन में आवश्यक सेवाओं के अतिरिक्त अन्य की आवाजाही पर पुलिस की नजर है। ऑफिस जाने वाले लोगों के आईकार्ड, प्रशासन से जारी पास सहित अन्य कागजात देखे जा रहे हैं। लेकिन जिले में अन्य जनपदों से इंट्री की रोक की वजह से लोगों को प्रॉब्लम हो रही। देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जिलों से दवा खरीदने गोरखपुर पहुंचे लोगों को भी पुलिस ने गोले में बिठा दिया। हालत यह है कि गोरखपुर के व्हीकल रजिस्ट्रेशन के अतिरिक्त जो भी वाहन नजर आए उनकी जमकर जांच पड़ताल हुई। इस चक्कर में दवा लेने अस्पताल ले जा रहे कई लोगों को फजीहत भी झेलनी पड़ी।

पुलिस ने डाउनलोड कराया आरोग्य सेतु एप

मंगलवार को बेवजह घूम रहे लोगों को पकड़कर पुलिस ने आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराया। पुलिस ने सभी को शपथ दिलाई कि अपने घर में कम से कम 10 लोगों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराएंगे। इसके अलावा वह सभी को लॉकडाउन का पालन कराने पर जोर देंगे। दोबारा फालतू घर से न निकलने की शपथ लेने पर पुलिस ने छोड़ा। इस दौरान बिना हेलमेट और मास्क के निकले लोगों की सांसत हुई। पुलिस ने कुछ वाहनों का चालान काटा तो कुछ को घर में रहने की हिदायत देते हुए जाने दिया।

एक्शन में पुलिस, काट रही चालान

21 अप्रैल 2020: 870 व्हीकल का चालान, एक सीज, 219900 रुपए का जुर्माना।

20 अप्रैल 2020: 759 व्हीकल का चालान, 06 व्हीकल सीज, 130703 रुपए का जुर्माना।

19 अप्रैल 2020: 1188 व्हीकल का चालान, 09 व्हीकल सीज, 14600 रुपए का जुर्माना

18 अप्रैल 2020: 1122 व्हीकल का चालान, 10 व्हीकल सीज, 292100 रुपए का जुर्माना।

वर्जन

सभी थानेदारों और चौकी प्रभारियों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है। आम लोगों को कोरोना के खतरे की जानकारी देने और उनके मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।

- डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी