- बंधे के पास अवैध खनन के चलते धूल से पटा पूरा इलाका, आधा दर्जन से अधिक स्कूलों की दीवारों और पौधों पर जमी रहती है धूल की मोटी परत

- ग्रीन सिटी एरिया में दिन भर ट्रैक्टर-ट्रॉली भरते हैं फर्राटा

GORAKHPUR: दिल्ली की ही तरह पॉल्युशन की मार झेल रही गोरखपुर सिटी का दम पूरी तरह घोंटने की कोशिश हो रही है। शहर के ग्रीन सिटी एरिया में बंधे के किनारे खुलेआम अवैध खनन करा रह माफिया की मनमानी ने पूरे एरिया को घूल के गुबार में ढक दिया है। दिन-रात मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टर ट्रॉली की वजह से उड़ रही धूल ने एरिया के हजारों लोगों का सांस लेना तो मुश्किल कर ही रखा है, यहां स्थित आधा दर्जन हाईटेक स्कूल्स के बच्चे भी धूल भरी हवा के बीच घुटन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्कूल मैनेजमेंट और पब्लिक का कहना है कि कई बार प्रशासन के जिम्मेदारों से इस बारे में कंप्लेन भी की गई लेकिन इन मनमानी को रोकने वाला कोई नहीं है।

इसका मेन रीजन बंधे के आस-पास हो रहा अवैध खनन है। बंधे के पास होने की वजह से ग्रीन सिटी इलाके में दिन-रात ट्रैक्टर-ट्राली मिट्टी लादे धमाचौकड़ी करती रहती हैं। इनसे उड़ने वाली धूल पूरे इलाके को गंदा कर देती है।

दीवारों पर जम जाती है मिट्टी की परत

ग्रीन सिटी में एक से बढ़कर एक स्टाइलिश घर भी बने हुए हैं जिनकी दीवारों पर उड़ रही धूल के चलते मिट्टी की मोटी परत जम गई है। वहीं स्कूल्स का भी यही हाल है। अंदर से मेंटेंड बिल्डिंग्स बाहर से मिट्टी की परत के चलते बदरंग हो गई हैं। हाल ये कि एरिया के पेड़-पौधों की पत्तियां तक मिट्टी की धूल ओढ़ी नजर आती हैं। चौबीसों घंटे उड़ती धूल की वजह से इस इलाके से गुजरने वाला हर शख्स अपने मुंह पर रुमाल लगाए रहता है।

मास्क लगाकर आते स्कूल

एरिया के स्कूल्स में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स धूल से बचने के लिए मास्क का यूज कर रहे हैं। जिनके पास मास्क नहीं है वो अपने रुमाल से मुंह बांधकर ही निकलते हैं। कई स्टूडेंट्स ने बताया कि वे धूल की वजह से स्कूल के अंदर भी मास्क लगाए रहते हैं।

शाम होते ही शुरू हो जाता खनन का धंधा

शहर में भारी वाहनों की इंट्री के लिए समय निर्धारित है। इसके बावजूद ग्रीन सिटी के स्कूलों के पास से दिन-भर बालू, मिट्टी लदी गाडि़यां फर्राटा भरती रहती हैं। वहीं शाम होते ही टै्रक्टर-ट्रॉली का रेला लग जाता है। एरिया के लोग बताते हैं कि शाम को 20-25 गाडि़यां बंधे के नीचे मिट्टी निकालती हैं। ये खेल शाम को शुरू होकर सुबह तक चलता रहता है।

ग्रीन सिटी स्थित मेन स्कूल

- आरपीएम एकेडमी

- स्टेपिंग स्टोन इंटर कॉलेज

- सेंट जोसेफ

- जेपी एकेडमी

- सरस्वती शिशु मंदिर

- मैना देवी कॉलेज

अवैध खनन में लगी गाडि़यां-20-25

स्कूलों की संख्या- 6 से अधिक

स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे- 20 हजार से अधिक

वर्जन

दिनभर धूल भरा माहौल ग्रीन सिटी में रहता है। स्कूल के जितने भी पौधे हैं उनकी हर सप्ताह पानी से धुलाई होती है। इसके बाद भी स्कूल की दीवारों और पेड़-पौधों पर धूल जमी रहती है।

अजय शाही, डायरेक्टर आरपीएम एकेडमी

बंधे के पास से दिन रात भारी वाहन मिट्टी लादे चलते रहते हैं। इनके चलते यहां की हवा में भी धूल घुल गई है। अगल-बगल सब लोग जानते हैं कि इस पॉल्युशन की वजह क्या है।

राजीव गुप्ता, डायरेक्टर, स्टेपिंग स्टोन इंटर कॉलेज

जब पेड़-पौधे ही सांस नहीं ले पा रहे हैं तो इंसान आखिर क्या लेगा। यहां पर धूल की वजह से दिन भर पॉल्युशन भरी हवा चलती है। इससे स्वास्थ्य पर भी खतरा बना रहता है।

- राजबिहारी विश्वकर्मा, प्रिंसिपल, सरस्वती शिशु मंदिर