गोरखपुर (ब्यूरो)। जानकारी के मुताबिक शहर में 1000 मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम की ओर से राजघाट और एकला के पास पांच कृत्रिम तालाबों का निर्माण कराया गया है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कृत्रिम पोखरे का निरीक्षण किया। हालांकि ये पोखरे दशहरा में ही तैयार किए गए थे। नगर आयुक्त डोमिनगढ़ और महेसरा स्थित प्रतिमा विसर्जन स्थल पर भी गए और जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
छठ घाटों का भी लिया जायजा
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने शहर के विभिन्न स्थानों पर बनने वाले छठ घाट का भी निरीक्षण किया। मेडिकल रोड, गणेश चौराहा, खोराबार रोड, राजघाट, रामघाट आदि स्थानों पर पहुंचे नगर आयुक्त ने छठ घाटों के आसपास जल्द से जल्द सभी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि कोरोना संक्रमण से श्रद्धालुओं को बचाने के लिए छठ घाटों पर लगातार सोडियम हाइपो क्लोराइड के घोल से छिड़काव कराया जाना चाहिए। इसमें कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। छठ घाटों तक जाने वाले मार्ग साफ होना चाहिए और पथ प्रकाश की व्यवस्था होनी चाहिए।