गोरखपुर (ब्यूरो)। सिंगल यूज प्लास्टिक लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई है। पॉलीथिन के साथ प्लास्टिक की थाली, कप, प्लेट व अन्य सामान भी जमकर बिक रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि प्लास्टिक बैन सरकार की अच्छी पहल है। जरूरत है कि इस पर प्रभावी कदम उठाया जाए। हालांकि, इससे कारोबारियों का काफी नुकसान होगा।

नुकसान की दलील

थोक कारोबारी राजा बाबू ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन पर्यावरण के लिए तो अच्छा कदम है, लेकिन इसका खामियाजा आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ेगा। व्यापारियों को तो काफी नुकसान सहना होगा।

खूब बिकते प्लास्टिक प्रोडक्ट

कारोबारी गुड्डू ने बताया, लोग कागज की थाली, कप, प्लेट, गिलास को पसंद नहीं कर रहे हैं। इससे व्यापार में काफी नुकसान होगा। कागज की थाली, गिलास, कप प्लेट की बिक्री काफी कम है। जबकि प्लास्टिक के सामान काफी मात्रा में बिकते हैं।

कोई अच्छा विकल्प नहीं

कारोबारी अशोक कुमार ने बताया कि प्लास्टिक के सामान की जगह अभी कोई अच्छा विकल्प नहीं आया है। लोग भी पॉलीथिन, प्लास्टिक की थाली, कप, प्लेट आदि को पसंद करते हैं। कागज और अन्य चीजों से बनी चीजें कम बिक रही है।

सरकार अच्छा विकल्प दे

कारोबारी हसन महमूद ने बताया कि सरकार प्लास्टिक के सामान बंद कर रही है तो सरकार उसका अच्छा विकल्प उपलब्ध कराए। कागज और अन्य चीजों से बनी चीजों को लोग पसंद नहीं कर रहे हैं, जिससे व्यापार में नुकसान हो रहा है।

1 जुलाई से इनके इस्तेमाल की मनाही

प्लास्टिक स्टिक वाले ईयर बड्स

गुब्बारों की प्लास्टिक स्टिक

प्लास्टिक के झंडे

कैंडी स्टिक

आइसक्रीम स्टिक

सजावट वाले थर्माकोल

प्लास्टिक कप प्लेट

प्लास्टिक पैकिंग आइटम

प्लास्टिक के इनविटेशन कार्ड

सिंगल यूज प्लास्टिक क्या है

सिंगल यूज प्लास्टिक का मतलब प्लास्टिक से बने उन प्रोडक्ट से है, जिसे एक बार ही इस्तेमाल किया जा सकता है। यह आसानी से डिस्पोज नहीं किए जा सकते हैं। सिंगल यूज वाले प्लास्टिक के तहत वस्तुओं की पैकेजिंग से लेकर बोतलों, पॉलीथिन बैग, फेस मास्क, कॉफी कप, कचरा बैग, फूल पैकेजिंग जैसी चीजें आती हैं। बता दें कि सिंगल यूज प्लास्टिक आइटम के मैन्युफैक्चरिंग, इंपोर्ट, स्टॉकिंग, डिस्ट्रीब्यूशन, बिक्री और इस्तेमाल पर बैन लगाया गया है।

नगर निगम चलाएगा अभियान

सिटी को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम 29 जून से तीन जुलाई तक अभियान चलाएगा। इसमें सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने निगम अफसरों के साथ बैठक कर इसकी रूपरेखा तय की है। इसमें लोगों को अवेयर किया जाएगा।