- बाघागाड़ा से जगदीशपुर तक हो रही लूटपाट

- बदमाशों ने राह चलना किया मुश्किल, बेपरवाह पुलिस

GORAKHPUR: फोरलेन पर बदमाशों की धमक से राह चलना मुश्किल होता जा रहा है। बाघागाड़ा से जगदीशपुर-कोनी के बीच एक्टिव बदमाश सिरदर्द बनते जा रहे हैं। पुलिस पेट्रोलिंग न होने से बाइक सवार लुटेरे आए दिन राहगीरों को निशाना बना रहे। गुरुवार की देर रात हुई लूट से एरिया में दहशत फैल गई है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बदमाशों की तलाश की जा रही है। एक गैंग के दो बदमाश अरेस्ट नहीं हो सके थे। आशंका है कि वहीं दोनों नये साथियों संग लूटपाट कर रहे।

डंडे से पीटकर लूट रहे बदमाश

हाइवे पर एक्टिव बदमाश डंडे से पीटकर राहगीरों से लूटपाट कर रहे हैं। नकदी, मोबाइल और बाइक चाबी छीनने वाले बदमाश लूटपाट के बाद आराम से निकल जाते हैं। गुरुवार की रात बदमाशों ने जंगल अयोध्या प्रसाद निवासी चंद्रिका के बेटे सत्यपाल को शिकार बनाया। वह अपने परिचित के घर दावत खाने सोनबरसा गया। करीब साढ़े 11 बजे वह लौट रहा था। फोरलेन पर सिक्टौर के पास बाइक सवार बदमाशों ने डंडे से पीटकर उसे लूट लिया। दो हजार रुपए, मोबाइल छीन लिया। सत्यपाल की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। इसके पहले आठ दिसंबर की शाम 15 मिनट के भीतर बदमाशों ने दो राहगीरों को निशाना बनाया था। कुशीनगर, हाटा में तैनात स्वास्थ्य कर्मी सौरभ श्रीवास्तव से लूटपाट की। पिपराइच स्थित ससुराल जा रहे झंगहा, शिवपुर निवासी अमरजीत से लूट की। दोनों के पास से 15 हजार नकदी, मोबाइल और बाइक की चाबी बदमाशों ने छीन ली थी।

गैंग पकड़ा, फिर भी नहीं थमी वारदात

सितंबर मंथ में बदमाशों ने ताबड़तोड़ लूट की। पांच राहगीरों को निशाना बनाया। हो हल्ला मचने पर अक्टूबर मंथ में पुलिस ने बदमाशों का एक गैंग पकड़ा। अधिकारियों ने दावा कि फोरलेन के बदमाश पकड़े गए हैं। इसलिए फोरलेन पर लूटपाट नहीं होगी। हालांकि एक्टिव बदमाशों ने पुलिस की पोल खोल दी है। हाइवे के आसपास बसे लोगों का कहना है कि रात में पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होती। इसलिए वारदातें बढ़ती जा रही हैं। इसके उलट पुलिस का कहना है कि हाइवे पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

युवक का लैपटॉप और मोबाइल लूटा गया था। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हलका के सिपाहियों को फोरलेन पर गश्त करने को कहा गया है। दो बदमाशों को चिन्हित किया गया है।

रामाशीष सिंह यादव, एसओ खोराबार