गोरखपुर (ब्यूरो)।एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी और सीओ मानुष पारिक संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि गुलरिहा के खपड़हवा, रामनगर, जैनपुर, खुटहन और अन्य एरियाज के 15 से 25 साल के युवाओं ने वॉट्सएप पर महाकाल ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप के युवक छोटे मोटे विवाद में वॉट्सएप ग्रुप पर एक मैसेज पड़ते ही मारपीट और लूट की घटना अंजाम देते हैं। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर महाकाल ग्रुप की तलाश शुरू की। जिसमे गुरुवार को सफलता मिली।

कई घटनाओं को दे चुके हैं अंजाम

एसपी नार्थ ने बताया कि महाकाल ग्रुप ने 20 मई को खपड़हवा चौराहे पर राममिलन के साथ मापीट की थी। जंगल डुमरी नंबर 1 के राममिलन से छोटे से एक्सिडेंट को लेकर ग्रुप के रोशन यादव से कहासुनी हुई। रोशन यादव ने महाकाल ग्रुप पर एक मैसेज डाला जिसके बाद ग्रुप के सदस्यों द्वारा एकत्रित होकर तोड़-फोड़ करते हुए मारपीट की घटना की गई।

भरवलिया में भी की थी मारपीट

21 जून को भी रात 12 बजे भरवलिया के पास विजय गुप्ता से राजेश यादव, आलोक यादव उर्फ चंचल, सूरज यादव की कहासुनी हुई। इस बार भी ग्रुप पर मैसेज पड़ते ही सदस्य एकत्रित होकर विजय गुप्ता के साथ मारपीट करते हुए उनसे 45000 रुपए भी छीन लिया था।

पकड़े गए छह बदमाश

पुलिस ने महाकाल ग्रुप के छह बदमाशों को अरेस्ट किया है। इसमे राजेकश कुमार यादव, आलोक यादव उर्फ चंचल, रोशन यादव, सूरज यादव, मुनिब विश्वकर्मा और रवि का नाम शामिल है।

आलोक उर्फ चंचल है ग्रुप एडमिन

पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाशों के मोबाइल के वॉट्सएप में महाकाल ग्रुप मिला है। इसमे करीब 200 लोग जुड़े हैं। करीब 60 से 70 नाबालिक भी शौकिया तौर पर इस ग्रुप में जुड़े हुए हैं। महाकाल गु्रप का एडमिन आलोक यादव उर्फ चंचल ही मेन सरगना है।