गोरखपुर (ब्यूरो)। गीडा थाना क्षेत्र के सरया निवासी लालचंद कन्नौजिया का बेटा मदन कन्नौजिया (36) ने बुधवार दोपहर एक बजे के आसपास घर के अंदर अपनी बेटी अन्नपूर्णा (7) व बेटे शेषनाथ (5) के साथ आत्महत्या कर ली। घर से धुआं निकलने पर आसपास के लोग दरवाजा तोड़कर जब तक अंदर गए। तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मृतक के भाई मनोज कन्नौजिया ने पुलिस को सूचना दी। मनोज ने बताया कि उसके बड़े भाई मदन कन्नौजिया ने अपने दो बच्चों के साथ खुद को कमरे में बंद करके एलपीजी गैस सिलेंडर का पाइप निकालकर आग लगा लिया, जिसमें तीनों की मौत हो गई।

मृतक था मानसिक रोगी

भाई मोहन कन्नौजिया ने बताया कि मदन का उसकी पत्नी से विवाद हो गया था। जिसके बाद वह नाराज होकर मायके चली गई थी। फिलहाल वह वहीं रह रही थी। कई बार उसे मनाने की भी कोशिश की लेकिन वह वापस आने को तैयार नहीं हुई। भाई ने मृतक के मानसिक रूप से बीमार होने की बात भी कही है।

फॉरेंसिंक टीम ने की जांच

घटना के बाद एसपी नॉर्थ मनोज अवस्थी के नेतृत्व में गीडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिंक टीम ने भी मौके पहुंच कर सबूत एकत्र किए। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक की पत्नी को भी दी है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के पीछे क्या कारण है, इसका पता लगाया जा रहा है।

विनय कुमार सरोज, गीडा थाना प्रभारी