गोरखपुर (ब्यूरो)।पुलिस ने पति, सास और ससुर को अरेस्ट कर लिया। जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2023 की रात पति कपिल देव का पत्नी रेनू से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई.इस दौरान कपिल देव ने 8 माह की गर्भवती पत्नी को डंडे से बुरी तरह पीट दिया। जिससे पत्नी गम्भीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान 12 अप्रैल 2023 को रेनू की मौत हो गई। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पेट में चोट लगने से हुई विवाहिता की मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रेनू की मौत सर व पेट में चोट लगने से हुई है। उसके पेट में आठ माह के दो जुड़वा बच्चे पल रहे थे। 13 अप्रैल 2023 की रात को गगहा पुलिस ने मृतका के पिता राम आधार यादव की तहरीर पर पति, ससुर, सास और दो ननदों के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ, दहेज हत्या, समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। शुक्रवार को पुलिस ने पति कपिलदेव, ससुर देवनारायण यादव,सास बुच्ची देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गगहा के छपरा निवासी कपिल देव यादव की शादी 7 जून 2022 को झंगहा थाना के करौता ठकुराई मुंडेरवा निवासी राम आधार यादव की बेटी रेनू यादव के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद रेनू प्रेगनेंट हो गई। पति कपिल देव कामकाज के लिए जनवरी में बाहर चला गया था। 10 अप्रैल 2023 को ही पति रात में घर आया था और उसी दिन रात में किसी बात को लेकर पत्नी को मारा पीटा। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गयी। इलाज के दौरान रेनू की मौत हो गई। रेनू तीन बहनों में सबसे छोटी थी। मृतका के पिता राम आधार यादव का कहना है कि बेटी को उसका पति अक्सर दहेज के लिए प्रताडि़त करने के साथ-साथ मारपीट करता था।