गोरखपुर (ब्यूरो)। करीब 15 मिनट तक बदमाश मच्छरदानी में सो रही महिला का मंगलसूत्र निकालने का प्रयास करते रहे। अचानक महिला की नींद खुलने पर वह दोनों भाग खड़े हुए। बदमाशों की सारी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं, गगहा में एक बार फिर चोरों ने एक घर को निशाना बनाया और लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।

शोर मचाने लगी महिला

जानकारी के अनुसार जंगल डुमरी नंबर 2 के संझाईं निवासी अलबेला का मकान पुलिस चौकी से दो-तीन सौ मीटर की दूरी पर है। शनिवार को उनकी पत्नी फूला देवी अपने घर के बरामदे में मच्छरदानी लगा कर चारपाई पर सो रही थी। रात करीब दो बजे दो अज्ञात चोर मच्छरदानी उठा कर पीडि़ता के गले से मंगलसूत्र चुराने का प्रयास करने लगे। तभी महिला की नींद खुल गई, तो शोर मचाने लगी। दोनों चोर अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकले। करीब तीन माह पहले भी पीडि़ता के घर से सिंचाई करने वाला इलेक्ट्रिक मोटर चोर चुरा ले गए थे।

नकब लगा कर लाखों की चोरी

गगहा थाना एरिया के ग्रामपंचायत महुराई के जलपहिया टोला निवासी पिंटू यादव के घर में चोर नकब लगाकर शनिवार की रात नकदी समेत लाखों रुपए के गहने और सामान उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को गांव से बाहर खेत में टूटा बाक्स और पुराने कपड़े मिले हैं। पिंटू यादव तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। दो अन्य भाई प्राइवेट नौकरी करते हैं। रात में परिवार की महिलाएं आंगन में फर्राटा वाला पंखा लगाकर सोई थीं, जबकि मुखिया पिंटू दरवाजे पर सोया था। चोर रात को घर के पीछे से नकब काटकर घर में दाखिल हुए। इस दौरान आलमारी में रखे दस हजार नकदी सहित पिंटू की छोटी बहन की शादी के लिए बने जेवरात एक चेन, दो मंगलसूत्र, चांदी का कुंजी पास, दो पायल, बिछुआ नए कपड़े पांच बाक्स उठा ले गए।