गोरखपुर (ब्यूरो). पर्यटकों की पसंदीदा जगह बन चुके रामगढ़ताल की खूबसूरती को और बढ़ाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसी के तहत पुरानी रेलिंग को बदलकर नई रेलिंग लगाई जा रही है। रेलिंग लगाने के साथ ही दर्शक दीर्घा बनाने की योजना भी बनाई गई। गोरखपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीडीए) के आर्किटेक्ट मनीष मिश्रा का कहना है कि दीर्घा का क्षेत्रफल पर्याप्त रखा गया है। युवा वर्ग ताल के नजदीक बैठना चाहता है, इसे देखते हुए इसका निर्माण किया जाएगा। छह मीटर लंबाई रखने से दीर्घा एकदम पानी के ऊपर नजर आएगी। इसकी मजबूती का खास ख्याल रखा जा रहा है। एक दीर्घा में 12 पिलर लगाए जाएंगे। ऊपर गोल आकार में बैठने की जगह होगी और चारो ओर रेलिंग लगी रहेगी। दीर्घा की सतह पर ग्रेनाइट लगा रहेगा।

पैदल चलने वालों के लिए बनेगा फुटपाथ

रामगढ़ताल के किनारे टहलने वालों की संख्या भी खूब है। लोग आराम से रेलिंग किनारे टहल सकें, इसके लिए करीब दो किलोमीटर लंबा फुटपाथ बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई न्यूनतम चार फीट होगी। इसकी ऊंचाई सड़क से छह इंच रखने का निर्णय लिया गया है। फुटपाथ बन जाने से रेलिंग से सटाकर गाड़ी खड़ी करने की समस्या से भी निजात मिल सकेगी और सड़क पर चलने वाली गाडिय़ों से टहलने वालों को कोई खतरा भी नहीं रहेगा।

रामगढ़ताल के किनारे आकर्षक रेलिंग लगाने के साथ ही पांच दर्शक दीर्घा का निर्माण भी किया जाएगा। इसपर करीब 21 लोग एक साथ बैठ सकेंगे। रेलिंग के किनारे-किनारे फुटपाथ बनाने की भी योजना है। अगले तीन महीने में ये सभी काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पर्यटकों को काफी सुविधा हो सकेगी।

- प्रेम रंजन सिंह, वीसी, जीडीए