- ट्रांसपोर्टर पर हमले का आरोपित अरेस्ट

- बात करने से मना करने पर चलाया चाकू

- पादरी बाजार में काम करता है कुशीनगर का हमलावर

GORAKHPUR: कैंट थाना के पीछे ट्रांसपोर्टर पर हमला करने वाले आरोपित को पुलिस ने दबोच लिया है। उसकी पहचान कुशीनगर निवासी आरोपित सत्यजीत सिंह के रूप में हुई। वह पादरी बाजार में हार्डवेयर की दुकान पर काम करता है। आरोपित ने बताया कि ट्रांसपोर्टर की पत्नी से उसकी पुरानी जान पहचान है। शादी के बाद वह फोन पर बात करना चाहता था, लेकिन उसने मना कर दिया, इसीलिए उसने ट्रांसपोर्टर पर चाकू से हमला किया।

जिम जाते समय किया था हमला

12 फरवरी की सुबह करीब छह बजे दाउदपुर काली मंदिर निवासी ट्रांसपोर्टर इंद्रपाल सिंह पैदल ही जिम जा रहे थे। कैंट थाना के पास ही बाइक सवार ने उनको रोककर हमला कर दिया। कान के नीचे और पैर में चोट लगी। जानकारी पाकर पुलिस की टीम पहुंची। अज्ञात आरोपित के खिलाफ मर्डर की कोशिश का मुकदमा दर्ज करके छानबीन में जुट गई।

बात करने से मना करने पर मारा चाकू

मामले की जांच पड़ताल में सत्यजीत के शामिल होने की जानकारी मिली। रविवार की सुबह वह मोहद्दीपुर होकर कुशीनगर भागने की कोशिश में लगा था। तभी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसने बताया कि वह ट्रांसपोर्टर की पत्नी से बातचीत करना चाहता था, लेकिन उसने मना कर दिया। इस वजह से चाकू से हमला करके उसकी जान लेने की कोशिश की। उसके पास से हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हो गया। दोपहर बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

आरोपित की पहचान होने पर पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेजा गया।

सुमित शुक्ला, सीओ कैंट