गोरखपुर (ब्यूरो).घटना पिपराइच इलाके के एक गांव की है। सोमवार को एसएसपी डॉ। गौरव ग्रोवर भी किशोरी के घर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। एसएसपी ने किशोरी की मां से बातचीत की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया और इस मामले में पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

किशोरी की मां ने बताया

किशोरी की मां ने बताया कि मैं पिपराइच के एक गांव में रहती हूं। मेरे पति की साल 2011 में मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह मैं घर से दवा लेने डॉक्टर के वहां गई थी। बेटा गांव में किसी काम से निकला था। घर पर सिर्फ बीच वाली बेटी थी। शाम को जब दवा लेकर लौटी तो देखा कि बेटी कमरे में छत की कुंडी से फंदा लगाकर लटकी है। यह देख मैं सन्न रह गई। शोर मचाया तो आसपास के लोग आए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आई और बेटी को फंदे से उतारा। इसके बाद उसकी लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई।

हिस्ट्रीशीटर अच्छेलाल पर दर्ज हैं 18 केस

किशोरी की मां को आरोप है कि मेरे गांव का एक बदमाश है। उसका नाम अच्छेलाल है। उस पर दुष्कर्म के अलावा लूट, जालसाजी, चोरी जैसे 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की फाइलों में वह हिस्ट्रीशीटर है और दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। एक साल पहले वह जमानत पर जेल से बाहर आया है। अब उसकी नजर मेरी बेटी पर पड़ गई थी। वह मेरी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था।

जमानत पर छूटा तो बेटी के पीछे पड़ गया बदमाश

उन्होंने बताया कि एक मामले में करीब एक साल पहले जमानत पर रिहा होकर जेल से बाहर आया था। तभी से उसकी नजर मेरी बेटी पर पड़ गई। काफी दिनों तक इसकी जानकारी हम लोगों को नहीं थी। करीब एक महीने पहले ही बेटी ने उसके बारे में बताया कि वह उसे परेशान करता है। लेकिन बेटी ने कभी यह नहीं बताया कि वह उसके संपर्क में है। उसके गर्भवती होने की जानकारी भी हम लोगों को नहीं थी। शायद इसी से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।