- बच्चों संग मायके गई थी नगर निगम कर्मचारी

- चोरों ने उड़ाई 13 लाख की ज्वैलरी

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के सूबा बाजार स्थित जूही एनक्लेव में शनिवार रात चोरों ने 30 हजार नकद सहित करीब 13 लाख रुपए की ज्वैलरी उड़ा दी। घटना नगर निगम की महिला लिपिक सुमित्रा शाही के घर पर हुई। वे बच्चों संग मायके गई हुई थीं। रविवार सुबह पड़ोसी से ताला टूटने की जानकारी पाकर वे पहुंचीं। भीतर सब कुछ बिखरा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड की मदद से जांच शुरू कर दी। पता चला कि घर के पास स्थित बाग की ओर से चोर आए थे। इतना ही नहीं उन्होंने फ्रिज में रखा सामान खाकर आराम से ठंडा पानी भी पिया था। यहां तक कि बच्चों के गुल्लक में रखे पैसे भी चोर उठा ले गए।

भाई से मिलने गई थी मायके

गगहा के रियाव की रहने वाली सुमित्रा शाही नगर निगम में लिपिक हैं। उनके पति श्रीप्रकाश शाही की मौत हो चुकी है। सूबा बाजार के जूही एनक्लेव में बच्चों संग रहती हैं। शनिवार सुबह भाई की तबियत खराब होने की सूचना पर वे बांसगांव के धसकी गांव चली गई। घर की रखवाली के लिए वे मोहल्ले के राकेश यादव को घर की चाबी सौंप गई थीं। राकेश शनिवार शाम उनके मकान पर पहुंचे। रात 11 बजे कुछ काम से अपने घर चले गए। सुबह नींद खुलने पर वे वापस उनका घर देखने पहुंचे। मेन गेट की सिटकनी कटी देखकर उनकी सांसे टंग गई। भीतर जाकर देखा तो अलमारी और बॉक्स का सामान तितर-बितर पड़ा था। उन्होंने फौरन सुमित्रा को चोरी की जानकारी दी। उनके आने पर पता चला कि ज्वैलरी सहित कई कीमती सामान चोरी गए हैं। पलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।