गोरखपुर (ब्यूरो)। डीएम कृष्णा करुणेश ने सभी को निर्देशित भी कर दिया है। जितने भी मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है, यह सभी अधिकारी/कर्मचारी लक्ष्मी गणेश प्रतिमा स्थल, विसर्जन के समय जुलूस मार्गो, चौराहों तथा विसर्जन स्थल पर उपस्थित रहकर शान्ति व्यवस्था को सुनिश्चित कराएंगे।

एडीएम सिटी के जिम्मे शहर

जिले के ग्रामीण दक्षिणी क्षेत्र, ग्रामीण उत्तरी क्षेत्र व नगर क्षेत्र की सम्पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुरूषोत्तम दास गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील कुमार गौड़ एवं अपर जिलाधिकारी नगर अंजनी कुमार सिंह को सौंपी गई है। ये अधिकारी अपने काउंटर पार्ट पुलिस अधिकारी के साथ उपस्थित रहकर शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगेे।

लगाई गई है शिफ्टवाइज ड्यूटी

डीएम ने बताया कि इन अधिकारियों के अधीन क्षेत्रवार 10 जोनल मजिस्ट्रेट, 36 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। राजघाट विसर्जन स्थल की ओवर ऑल प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट मंगलेश दुबे के साथ शिफ्टवार अन्य मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैैं। इन कर्मचारियों की ड्यूटी मूर्ति विसर्जन के दिन से विर्सजन के पूर्णतया समाप्ति तक यथावत शिफ्टवार प्रभावी रहेगी। उच्चाधिकारियों के आदेश प्राप्त करने एवं जनता से प्राप्त शिकायतों को त्वरित गति से उच्चाधिकारियों से संज्ञान में लाने के लिए अपर जिलाधिकारी नगर के कार्यालय में एक कंट्रोल रूम की स्थापना करके कर्मचारियों की शिफ्ट वाइज ड्यूटी लगाई गई है।

जारी किया गया हेल्प लाइन नंबर

उन्होंने बताया कि इन सभी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका हेल्पलाइन नंबर 0551-2335430 जारी किया गया है। कंट्रोल रूम में विसर्जन के तिथि से उसकी समाप्ति तक प्राप्त होने वाली सूचनाओं के अनुश्रवण के लिए भी कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न अधिकारियों/कर्मचारियों की ड्यूटी रिजर्व में लगाई गई है जो आवश्यकता पडऩे पर ड्यूटी करेंगे। डीएम ने बताया है कि नियुक्त सभी मजिस्ट्रेट लक्ष्मी गणेश विसर्जन के पूर्व अभी से अपने अपने निर्धारित क्षेत्र/स्थल का भ्रमण करेंगे।