गोरखपुर (ब्यूरो)।इस बजट में सरकार टैक्स स्लैब घटा सकती है। इसलिए सिटी की वुमेन ने भी बजट से काफी उम्मीदें लगा रखी हैं। किसी को रोजगार, किसी को मेडिकल में सुधार तो किसी को बजट में महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद है।

महंगाई छू रही आसमान

घरेलू गैस सिलेंडर और पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं। ऐसे में एक महिला के लिए घर का बजट चलाना मुश्किल होता जा रहा है। सरकार को बजट में महिलाओं के बारे में सोचते हुए इनके दामों पर नियंत्रण करना चाहिए। महिला सुरक्षा और महिला शिक्षा पर खास ध्यान देने की जरूरत है। महिलाओं को टैक्स में विशेष छूट मिले। बजट में उच्च और निम्न वर्ग के लिए बहुत कुछ रहता है, लेकिन मध्यमवर्गीय वर्ग पर ध्यान नहीं दिया जाता। इस पर ध्यान देने की जरूरत है।

बजट होता क्या है?

देश को चलाने के लिए बजट की जरूरत पड़ती है। हम अपने घर का जो बजट बनाते हैं, वो आमतौर पर महीने भर का होता है। इसमें हम हिसाब-किताब लगाते हैं कि इस महीने हमने कितना खर्च किया और कितना कमाया। इसी तरह से देश का बजट भी होता है। इसमें सालभर के खर्च और कमाई का लेखा-जोखा होता है।