गोरखपुर (ब्यूरो)।प्लेटफार्म नंबर 9 से सुबह 6.05 बजे लखनऊ के लिए चली वंदेभारत एक्सप्रेस को 10.20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन तय समय से 17 मिनट पहले 10.03 बजे ट्रेन लखनऊ पहुंच गई। इस तरह गोरखपुर से लखनऊ का 296 किमी। का सफर 3 घंटे 58 मिनट में पूरा हो गया। वह भी अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटे के स्पीड से। जबकि इस रूट पर अभी चल रही ट्रेन 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर सुपरफास्ट इस दूरी को तय करने में 6 घंटे 20 मिनट का समय लेती है। स्पीड ट्रायल के बाद रेलवे वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल और किराया जारी करेगा। वहीं, जब डीजे आईनेक्स्ट ने इस ट्रेन की खूबियों के बारे में जानकारी ली, तो कई सारी जानकारियां मिलीं। ट्रेन बाकी ट्रेन के कंपेयर में बिल्कुल ही अलग दिखी। हाईटेक सुविधाओं से लैस और सेंसर युक्त डोर के साथ सीटिंग चेयर कार वाली इस ट्रेन में पैसेंजर्स को आरामदायक सफर का अहसास होगा।

डोमिनगढ़ पहुंचते ही स्पीड 70 के पार

प्लेटफॉर्म से जैसे ही ट्रेन निकली और कुछ दूर बढ़ी तो डोमिनगढ़ पहुंचते-पहुंचते वंदे भारत की रफ्तार 60 से 70 केबीच पहुंच गई। सहजनवां पहुंचते-पहुंचते ट्रेन की स्पीड 80 से 90 के बीच पहुंच गई। इसके बाद स्पीड का दायरा लगातार बढ़ता गया और 110 किलोमीटर की रफ्तार से बस्ती स्टेशन पर तीन मिनट पहले 6.55 मिनट पर पहुंच गई। समय से पहले पहुंचने के कारण यहां पर पांच मिनट का स्टापेज रहा। इसके बाद सात बजे बस्ती से यह ट्रेन रवाना हुई तो यहां दो मिनट के स्टापेज के बाद अयोध्या के लिए रवाना हो गई। अयोध्या में अपने समय से पहले तीन मिनट पहले आठ बजकर सात मिनट पर पहुंच गई। इसके बाद सात मिनट के स्टापेज के बाद 8.17 मिनट पर लखनऊ के लिए रवाना हो गई।

सारे टेस्ट में पास हुई अपनी वंदे भारत

गोरखपुर से लखनऊ के लिए चली अपनी वंदे भारत स्पीड के साथ ही सस्पेंशन, सुरक्षा, संरक्षा, फायर सेफ्टी और कंट्रोल सभी तरह के टेस्ट में पास हो गई। चालक और गार्ड दल ने इस ट्रेन को 100 में 100 अंक दिए। चालक दल के साथ गई तकनीकी टीम ने भी इस ट्रेन सेट को खूब सराहा और इसे नए जमाने का अत्याधुनिक ट्रेन बताया।

रात 11.25 वापस गोरखपुर पहुंची

वहीं, तय रूट के मुताबिक इस ट्रेन को गोरखपुर-अयोध्या-लखनऊ चलाया जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस गोरखपुर से सुबह 6.05 बजे चली, ट्रेन बस्ती 6.58 बजे, अयोध्या 8.15 बजे पहुंची। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद लखनऊ सुबह 10.03 बजे पहुंची। ट्रायल के लिए जैसे ही वंदे भारत ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हुई, कोचों में वंदे भारत में आप सभी का स्वागत है गूंज उठा। ट्रेन में बैठे रेलवे के अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी रोमांचित हो उठे। इसके बाद लखनऊ से शाम 7.15 बजे चली। रात 9.13 बजे अयोध्या, 10.30 बजे बस्ती, फिर रात 11.25 बजे गोरखपुर पहुंची।

आरपीएफ के अतिरिक्त जवान तैनात

वंदे भारत एक्सप्रेस की सुरक्षा के लिए आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती प्लेटफॉर्म पर की गई थी। वहीं रेलवे कंट्रोल रूम में एक वरिष्ठ अधिकारी को भी वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के लिए तैनात किया जाएगा।

सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी

वंदे भारत एक्सप्रेस में सबसे खास बात यह है कि इस ट्रेन में कोई भी अनाधिकृत रूप से प्रवेश नहीं कर सकेगा। यानी की जितने यात्रियों का टिकट उतने ही सफर करने वाले यात्री ट्रेन में होंगे। सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ की मुस्तैदी भी कम होगी। सभी कोचेज में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैैं। इसकी मदद से की सुरक्षा के मद्देनजर सारी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। यात्रियों को सफर के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।

यह है खासियत

- सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया, ट्रेन के डिब्बे चेन्नई में तैयार हुए हैं।

- सीट के नीचे चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं।

- 8 कोच की ट्रेन में अधिकतम 456 यात्री सफर कर सकते हैं।

- यात्री की सुविधा के लिए फस्र्ट एड बॉक्स रखा गया है।

- ट्रेन में क्रू मेंबर की कोच के पीछे खाना गर्म करने और पानी ठंडा रखने के लिए मशीन लगी है।

- अटेंडेंट की मदद से यात्रियों को गर्म खाना और ठंडा पानी मिल सकेगा।

- होटल की तरह वॉश रूम की व्यवस्था है।

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन एनईआर के लिए बड़ी उपलब्धि है। यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। बहुत ही जल्द इसके स्टापेज और फेयर भी जारी कर दिए जाएंगे।

पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनई रेलवे

720 रुपए हो सकता है एसी चेयर कार का किराया

वंदे भारत के रेक आने और इसके ट्रॉयल रन हो जाने के बाद अब लोगों के अंदर इसका किराया जानने की जिज्ञासा है। सभी इसके चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास का लखनऊ तक किराया जानना चाहते हैं। चूंकि अभी शेड्यूल और किराया निर्धारित नहीं है। इसके लिए इसका सटीक किराया बता पाना तो मुश्किल है लेकिन जिन जगहों पर वंदे भारत चल रही है वहां चेयरकार का किराया 2.609 रुपए प्रति किलोमीटर है। ऐसे में गोरखपुर से लखनऊ तक का किराया 276 किलोमीटर के हिसाब से करीब 720 रुपए होगा। वहीं, एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया प्रति किलोमीटर 4.91 रुपए है। ऐसे में गोरखपुर से लखनऊ का किराया इस क्लास में करीब 1356 रुपए पड़ेगा। हालांकि यह सिर्फ अनुमानित फेयर है।

ऐसे समझें किराया

बिलासपुर से नागपुर कुल दूरी - 412 किलोमीटर

किराया (एसी चेयर कार) -1075 (आरक्षण शुल्क अतिरिक्त)

किराया (एक्जीक्यूटिव क्लास ) - 2045 (आरक्षण शुल्क अतिरिक्त)

चेयर कार का किराया प्रति किलोमीटर - 2.609 रुपए

एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया प्रति किलोमीटर - 4.91 रुपए