गोरखपुर (ब्यूरो).चौरीचौरा भोंपा बाजार शहीद स्मारक कॉलोनी के रहने वाले सुदीप जायसवाल शुक्रवार की सुबह महदेवा शिव मंदिर पूजा करने गए थे। सुबह 10 बजे वह पूजा कर अपने घर को लौट रहे थे। तभी रास्ते में घर से कुछ दूर पहले उन्हें भोंपा बाजार का रहने वाला लालमोहन मिल गया। वह गांजा पीते हुए पैदल ही आ रहा था। सुदीप को देखते ही उसने मुंह में भरा हुआ धुआं उनके मुंह पर फूंक दिया।

कई अंगों पर किया चाकू से वार

इस बात को लेकर सुदीप ने विरोध किया। दोनों में कहासुनी होने लगी। इतने में ही लालमोहन ने सुदीप पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार कर दिया। जिससे कि उनका कान, कंधे और गर्दन पर गहरी चोट आई और वह गंभीर रुप से घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों की मदद से सुदीप को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही आरोपी की तलाश में जुट गई है।

आरोपी की तलाश जारी

थाना प्रभारी चौरी चौरा मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी लालमोहन ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से सुदीप जायसवाल को मारकर घायल कर दिया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।