मार्निंग वॉक पर निकली महिला की एक्सीडेंट में मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। महिला को ठोकर मारने वाले बाइक सवार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को हिरासत में लिया गया है। गोला, घोड़ालोटन निवासी 60 साल की प्रभावती रोजाना टहलने जाती हैं। सोमवार की सुबह करीब छह बजे वह टहलने निकली तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। बाइक की ठोकर से महिला सड़क पर गिर गई। सिर में चोट लगने से महिला की तुरंत मौत हो गई। उनके साथ टहल रही महिलाओं के शोर मचाने पर लोग जमा हो गए। सड़क पर डेड बॉडी रखकर लोगों ने जाम लगा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बाइक सवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला की तीन बेटियां हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है।