- आरपीएच ट्रांसमिशन में लगा 60 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर

- नार्थ सिटी का एक बड़े हिस्से को आरपीएच ट्रांसमिशन से होती है पॉवर सप्लाई

KANPUR: नार्थ सिटी के एक बड़े हिस्से में ओवरलोडिंग के कारण होने वाले पॉवर कट से छुटकारा देने के इंतजाम कर लिए गए हैं। आरपीएच ट्रांसमिशन स्टेशन में 60 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर लग गया है। इसे नो लोड पर चार्ज किया जा रहा है, इसके साथ केबल भी बिछाई जा रही है।

आरपीएच की बढ़ी क्षमता

आरपीएच ट्रांसमिशन स्टेशन से केस्को के सरसैयाघाट, फूलबाग, झाड़ी बाबा पड़ाव कैंट, शनिदेव मंदिर एक्सप्रेस रोड, घंटाघर, खासबाजार, छप्पर मूलगंज, दालमंडी, आरपीएच न्यू व आरपीएच ओल्ड, बीएस पार्क आदि सबस्टेशन जुड़े हुए हैं। सिटी की प्रमुख होलसेल, रिटेल मार्केट, गवर्नमेंट ऑफिस के अलावा ज्यादातर घनी आबादी वाले मोहल्ले इन सबस्टेशन से ही जुड़े हुए हैं। जिसके पॉवर की डिमांड बढ़ने पर आरपीएच ट्रांसमिशन स्टेशन ओवरलोडिंग का शिकार हो जाता है। इसी वजह से करीब 3 साल पहले आरपीएच ट्रांसमिशन की क्षमता 120 एमवीए से 180 एमवीए किए जाने का प्रपोजल पास हुआ था। लंबे समय तक केस्को और ट्रांसमिशन के बीच खींचतान के बाद अब आरपीएच में 60 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर लग गया है। पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगने के बाद अब ओवरलोडिंग के कारण केस्को के सबस्टेशन यानि एक साथ हजारों घरों की बिजली गुल नहीं होगी। सर्दियों और गर्मियों में पॉवर की डिमांड पर न तो ट्रांसमिशन को और न ही केस्को को टेंशन रह जाएगी। लोगों को बिजली संकट से कुछ हद तक छुटकारा मिल जाएगा।

नो लोड पर चार्जिग शुरू

ट्रांसमिशन के एसई शेखर अग्रवाल ने बताया कि आरपीएच में 60 एमवीए का तीसरा पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया है। इसे नो लोड पर चार्ज किया जा रहा है। पॉवर ट्रांसफॉर्मर से चार 33 केवी लाइन निकाली जाएगी। जिसमें से 2 का काम लगभग कम्प्लीट हो गया। करंट ट्रांसफॉर्मर, ब्रेकर लग गए है। इस ट्रांसफॉर्मर से ओवरलोड फीडर जोड़े जाएंगें।