कानपुर (ब्यूरो)। शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट भले ही जोखिम भरा माना जाता है, लेकिन इसमें इनवेस्ट करने वाले इनवेस्टर्स पल भर में मालामाल हो जाते है। इसी का फायदा अब साइबर फ्रॉडर्स उठा रहे हैं। शहर में जालसाजों ने फर्जी शेयर ट्रेडिंग एप के जरिए एक दो नहीं, आठ लोगों को निशाना बनाकर एक करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। जालसाजों ने पहले तो उन्हें इनवेस्टमेंट पर तीन से चार गुना ज्यादा प्रॉफिट दिखाया। इतना ही नहीं, प्रॉफिट की रकम भी दे दी। लेकिन जब उन्होंने मोटी रकम लगाई तो उन्हें ज्यादा प्रॉफिट तो दिखा, लेकिन वो रकम नहीं निकाल पाए। ऐसे में उन्होंने मामले की शिकायत साइबर सेल से की। अब साइबर मामले की जांच में जुट गई है।

1- 80 लाख के चक्कर में 31 लाख गंवाए
नवाबगंज के रहने वाले पीयूष मोहन ने बताया कि उन्हें फेसबुक के जरिए जाल में फंसाया गया। ठगों ने दावा किया कि उनकी बताई कंपनियों के शेयर खरीदें तो मुनाफा होगा। फिर उन्हें अपने व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ लिया। पीयूष ने पहले पांच लाख लगाया तो उनकी रकम रातों रात दोगुनी हो गई। इसके बाद उन्होंने कई शेयर के जरिए 31.80 लाख इन्वेस्ट कर दिया। पीयूष ने बताया कि उन्हें एप पर 80 लाख रुपये शो होने लगे, लेकिन जब उन्होंने एमाउंट निकालना चाहा तो वो नहीं निकला। उन्होंने व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप पर शिकायत की तो ग्रुप से उन्हें रिमूव कर दिया गया। इसके बाद एकाउंट का चेक किया तो वो भी खाली था।

ऐप डाउनलोड कराकर 23 लाख का लगाया चूना
कृष्णा नगर निवासी महिला से भी 23 लाख रुपए की ठगी की गई। महिला ने बताया कि उसे भी झांसे में लेकर फर्जी शेयर ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया गया। इसके बाद रुपए इनवेस्ट कराकर पूरी रकम हड़प ली गई। महिला ने बताया कि वह भी सोशल मीडिया के जरिए ही शातिर ठगों के संपर्क में आई और अपने नजदीकियों से उधार लेकर रुपए इनवेस्ट कर दिया।

मुनाफे का झांसा देकर 51 लाख ठगे
जेके मंदिर के पास रहने वाले कारोबारी पंकज मिश्रा ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया से शेयर खरीदने के टिप्स मिले। उन्होंने बताई गई कंपनियों के शेयर खरीदें तो रातों-रात लाखों रुपए कमा लिए। फिर उन्हें व्हाट्सएप और ट्रेलीग्राम ग्रुप से जोड़ लिया। कुछ कंपनियों के शेयर में तेजी से उछाल की जानकारी दी, पंकज ने उसे खरीदने का प्रयास किया, लेकिन परचेस नहीं कर सके। साइबर ठग ने कहा कि आपको कार्पोरेट अकाउंट खोलना पड़ेगा। फिर उन्हें लिंक शेयर करके एक शेयर ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया और पंकज ने 51 लाख एप के जरिए शेयर में इन्वेस्ट कर लिया। एप पर उन्हें मुनाफा तो शो करने लगा, लेकिन रकम निकालने का प्रयास किया तो एप काम नहीं कर रहा था।