कानपुर(ब्यूरो)। जबरदस्त गर्मी में ध्वस्त हुआ पॉवर सप्लाई सिस्टम पटरी पर नहीं आ पा रहा है। दो दिनों की बरसात में ही केस्को की तैयारियों की हकीकत सामने आ गई। कानपुराइट्स को जबरदस्त पॉवर क्राइसिस से जूझना पड़ा। क्योंकि फॉल्ट बनाने में केस्को की मेंटीनेंस गैंग्स को घंटों लग गए। लोग बिजली के साथ पानी संकट से जूझते रहे। इसकी बड़ी वजह है कि हर वर्ष नया एरिया, नए सबस्टेशन और कन्ज्यूमर्स की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन मेंटीनेंस गैंग इस रफ्तार में नहीं बढ़ रही है। इधर मार्च में हड़ताल करने के कारण हटाए गए 256 संविदाकर्मियों की कमी से और मुश्किलें बढ़ गई। हालांकि उनकी जगह दूसरे इम्प्लाई लगाए गए, लेकिन एक्सपीरियंस और एरिया की प्रॉपर जानकारी न होने के कारण उन्हें फाल्ट बनाने में समय लग रहा है।

पूरे शहर में 93 सबस्टेशन
केस्को के सिटी में 93 सबस्टेशन और 11 केवी के 543 फीडर हैं, जिनसे 7 लाख से अधिक इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन जुड़े हैं। पिछले कुछ वर्षो में अहिरवां, गुजैनी, कर्रही, पराग डेयरी आदि नए सबस्टेशन बन गए। सैकड़ों की संख्या में नए ट्रांसफॉर्मर लग गए। वहीं केस्को के पास फॉल्ट बनाने के लिए 250 भी मेंटीनेंस गैंग नहीं है। पिछले दिनों जबरदस्त गर्मी पड़ी तो फाल्ट व ब्रेकडाउन की लाइन लगी रही है। लोगों को रात-रात भर बिजली संकट से जूझना पड़ा। लोग सो नहीं सके। सुबह भी लाइट न आने से बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हो गए। हटाए गए अनुभवी संविदा कर्मियों को कमी ने अहसास कराया।

1247 संविदा कर्मचारी लगे
केस्को में 1247 संविदा कर्मचारी लगे हुए हैं। इनमें श्रमिक, लाइनमैन, कंप्यूटर ऑपरेटर आदि शामिल हैं। फाल्ट बनाने वाले स्टाफ की संख्या 714 है। इनमें 478 श्रमिक व 214 लाइनमैन हैं। फाल्ट होने पर इनको ही मौके पर भेजा जाता है। 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मार्च में प्रदेश स्तर कार्य बहिष्कार किया था। इसमें शामिल होने के आरोप में केस्को के अंतर्गत 256 संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर उनको बाहर कर दिया गया। इसकी वजह से काम प्रभावित होने लगा। केस्को ने इनकी जगह इम्प्लाई तो रख लिए लेकिन पुराने इम्प्लाइज की तरह न तो उनको न तो फाल्ट तलाशने व बनाने का एक्सीपीरियंस और न ही फीडर्स, एरिया, ट्रांसफॉर्मर की अधिक जानकारी है। इसकी वजह से फॉल्ट, ब्रेकडाउन बनाने में टाइम भी अधिक लग रहा है।

आधे भी इम्प्लाई नहीं
केस्को की इम्प्लाइज यूनियन के विजय त्रिपाठी ने बताया कि केस्को के 93 सबस्टेशन हैं। इनसे संबंधित एरिया में लगभग 1500 कर्मचारी होने चाहिए जबकि इनकी संख्या 714 ही है। अनुभव वाले कर्मचारियों को रखने के साथ इनकी संख्या भी बढ़ाई जाए।
21 डिवीजन हैं केस्को के
93 सबस्टेशन हैं सिटी में
543 फीडर 11 केवी के
7 लाख से अधिक कनेक्शन
250 मेंटिनेंस गैंग वर्तमान में
700 के करीब कर्मचारी इनमें
1500 कर्मचारियों की है जरूरत
केस्को के अनुसारः
डिमांड के मुताबिक मेंटीनेंस गैंग की संख्या बढ़ाई जाती है। गैंग में नए के साथ एक्सपीरियंस इम्प्लाइज को भी रखा जाता है। जिससे फाल्ट बनाने में कोई परेशानी न हो।
-ललित कृष्ण, मीडिया प्रभारी, केस्को