कानपुर (ब्यूरो)। पुलिस की अलर्टनेस से शहर में एक बार फिर माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बच गया। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र के बगाही में दो वर्गों के बीच मारपीट कर खून खराबे की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के होश उड़ा दिए। एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा और आस पास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। यहां पता चला कि एक पक्ष बाइक टकराने के बाद हुए विवाद को सांप्रदायिक विवाद का रंग देने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया और दो लोगों को हिरासत में ले लिया।

21 को हुई शुरुआत

बगाही निवासी सीमा देवी का नाबालिग बेटा 21 जनवरी की शाम घर के बाहर सजावट कर रहा था। इसी दौैरान जुनैद उर्फ झब्बू, सोहिल, हसनैन समेत पांच लोग आ गए। उनकी बाइक सीमा के बेटे से टकरा गई। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। आसपास के लोग एकत्र हो गए थे। गाली गलौज कर रहे आरोपियों को समझा बुझा कर शांत कर दिया था। आरोप है कि इस दौरान हंगामा करने वाले लोग सीमा के नाबालिग बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए थे।

घर पहुंचकर करने लगे हंगामा

सीमा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा बुधवार सुबह घर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी आ गए और गाली गलौज करने लगे। बेटे ने मना किया तो उसे पीटना शुरू कर दिया। जिससे अफरा तफरी का माहौल हो गया। इधर दो वर्गों के बीच विवाद की सूचना फैलते ही हडक़ंप मच गया। बिना देरी किए पहुंची पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल किया। सीमा के लहूलुहान बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया।